नई दिल्लीःलोकसभा में गौतम अडानी के साथ अपनी तस्वीर दिखाने पर रॉबर्ट वाड्रा ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर पलटवार करते हुए कहा है कि मणिपुर जल रहा है और इस मंत्री (स्मृति ईरानी) को मेरे बारे में नकारात्मक बातें उठानी हैं। वाड्रा ने कहा है कि जो संसद में भी नहीं है उसके बारे में नकारात्मक बातें कह कर क्या हासिल करना चाहती हैं। इससे पहले रॉबर्ट वाड्रा ने शुक्रवार को फेसबुक पर पोस्ट डालकर स्मृति ईरानी की आलोचना की थी। उन्होंने गोवा में स्मृति ईरानी और उनकी बेटी के रेस्टोरेंट से जुड़े विवादों से संबंधित खबरों की तस्वीरें साझा करते हुए इसके बारे में जानकारी मांगी थी। साथ ही वाड्रा ने स्मृति ईरानी से अपनी शैक्षिणिक जानकारी भी देने को कहा था।
स्मृति ईरानी पर निशाना साधते हुए रॉबर्ट वाड्रा ने कहा है कि देश उनके रेस्तरां और डिग्रियों के बारे में जानना चाहता है। साथ ही कहा है कि वह उनके नाम का दुरुपयोग करना बंद करें। वाड्रा ने कहा है, स्मृति ईरानी जी, मेरे प्रति आसक्त होना और संसद में मेरे नाम का दुरुपयोग करना बंद करें। मैं आपको चुनौती देता हूं कि आप सबूत दें। उन्होंने कहा है कि आपकी अक्षमताएं मुझ पर उंगली उठाकर छिप नहीं सकतीं। याद रखें जब आप ऐसा करते हैं तो आपकी बाकी उंगलियां आपकी ओर उठती हैं। वाड्रा ने कहा है, भारत गोवा में आपके रेस्टोरेंट और देश के विभिन्न हिस्सों में तीसरे पक्ष के नामों के बारे में जानना चाहता है। आपकी डिग्री से जुड़े विवाद को पहले आप स्पष्ट करें, फिर दूसरों पर उंगली उठाएं। वाड्रा ने कहा है कि मैं इंतजार कर रहा हूं कि क्या आप गोवा और उससे आगे के बारे में जवाब देंगी। क्या आप वास्तव में योग्य हैं, जिस पर मुझे संदेह है।