नई दिल्ली:कांग्रेस की अगुआई में विपक्ष की ओर से मोदी सरकार के खिलाफ लोकसभा में लाया गया अविश्वास प्रस्ताव भले संख्या बल के आगे हारकर गिर गया हो, लेकिन मणिपुर के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरने की कांग्रेस की कोशिश जारी है। कांग्रेस के तल्ख तेवर बता रहे हैं कि मानसून सत्र के बाद भी मणिपुर के मुद्दे पर वो सरकार को राहत की सांस नहीं लेने देगी। गुरुवार को अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में पीएम मोदी के दिए भाषण पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को तंज कसते हुए कहा कि मणिपुर जल रहा है और पीएम मोदी सदन में हंस रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर की आग को बुझाना नहीं चाहते हैं।
2 घंटे 13 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री ने सिर्फ दो मिनट मणिपुर की बात की
राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पीएम ने गुरुवार को 2 घंटे 13 मिनट का भाषण दिया और अंत में सिर्फ दो मिनट मणिपुर की बात की। सभी जानते हैं कि मणिपुर में महीनों से आग लगी हुई है। लोग वहां मारे जा रहे हैं। महिलाओं के साथ दुष्कर्म हो रहा है, बच्चों को मारा जा रहा है। लेकिन पूरे देश ने देखा कि कल वो सदन में हंस-हंसकर बोल रहे थे, मजाक कर रहे थे। राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री को जिस वक्त देश में हिंसा हो रही है, उस वक्त मजाक नहीं उड़ाना चाहिए। ये प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता है।
भारत माता की हत्या का बयान देने के पीछे राहुल ने बताई वजह
राहुल गांधी ने अविश्वास प्रस्ताव के दौरान लोकसभा में मणिपुर हिंसा पर दिए अपने भाषण के दौरान भारत माता की हत्या वाले अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि वह करीब 19 साल से राजनीति में हैं और हर राज्य में गए हैं, लेकिन इतने वर्षों में मणिपुर में उन्होंने जो देखा और सुना, वो पहले कभी नहीं देखा-सुना। राहुल ने कहा कि जब वह मैतेयी इलाके में गए थे, तो कहा गया कि अपनी सुरक्षा में कुकी पर्सनल को मत लाइए, नहीं तो हम उसे मार देंगे। इसी तरह जब वह कुकी इलाके में गए तो कहा गया कि अपनी सिक्योरिटी में मैतेयी को मत लाइए, नहीं तो उन्हें गोली मार देंगे। इस वजह से उन्हें दोनों जगहों पर मैतेयी और कुकी को अलग करना पड़ा। राहुल ने कहा कि यही वजह थी कि उन्हें कहना पड़ा कि हिंदुस्तान में भारत माता की हत्या कर दी गई है।
बोले- जहां भारत माता की रक्षा के लिए मेरी जरूरत होगी, वहां आपको मिलूंगा
कांग्रेस नेता राहुल ने कहा कि वह ये नहीं समझ पा रहे थे कि देश का प्रधानमंत्री इस प्रकार कैसे बोल सकता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मणिपुर नहीं जाने के कारण हैं, लेकिन वो मीडिया को नहीं बता सकते। राहुल ने कहा कि जहां भी भारत माता की रक्षा के लिए उनकी जरूरत होगी वह खड़ा मिलेंगे और जहां भी भारत माता पर आक्रमण होगा, वहां भी खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि यदि हमारी सेना को कहा जाए तो दो दिन में मणिपुर में हालात पर काबू पाया जा सकता है।