Haryana JP Dalal: हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाने पर लिया।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक परिपक्व राजनेता नहीं है और उनकी गलत भाषा के कारण ही उनकी संसदी चली गई थी। अब मानसून सत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रावण की संज्ञा दी और केवल लोगों की बात सुनने का आरोप लगाया।
राहुल हो रहे फेल- जेपी दलाल
राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि कांग्रेस बार-बार राहुल को लॉन्च करती है लेकिन वह हर बार फेल हो जाते हैं। नसीहत देते हुए जेपी दलाल ने कहा कि कांग्रेस नेता को देश हित में राजनीति करनी चाहिए। बता दें कि, कृषि मंत्री शुक्रवार को भिवानी जिले में पहुंचे थे। हिसार में मुआवज़े की मांग को लेकर किसानों के बवाल करने पर उनसे शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और खर्च कम करने को लेकर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
किसानों से शांति की अपील
भिवानी में कृषि मंत्री अपने आवास पर जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए देश और प्रदेश के ताज़ा राजनीतिक हालातों पर अपनी राय रखी। साथ ही हिसार में आंदोलन कर रहे किसानों से शांति की अपील करके किसान हित में सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
हिसार में मुआवज़े की मांग को लेकर किसानों के बवाल पर JP दलाल ने कहा कि बीजेपी सरकार किसानों की वकील बनकर हर बार मज़बूती से लड़ाई लड़ती है। यह क़ानूनी प्रक्रिया है, जिसको लेकर आज भी दिल्ली में बैठक है। मुझे उम्मीद है कि भिवानी, हिसार और सिरसा ज़िलों को किसानों का बकाया 800-900 करोड़ रुपए जल्द किसानों के खाते में आएगा। उन्होंने तब तक किसानों से शांति रखने की अपील की।