Punjab Protest: पंजाब में बंद के दौरान जमकर बवाल काटा गया। प्रदर्शनकारी धारदार हथियारों के साथ स्कूलों में घुस गए और प्रिंसिपल पर हमला किया गया। हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मणिपुर हिंसा के विरोध में बुधवार को पंजाब बंद का आह्वान किया गया था।
माहौल खराब की कोशिश
आज अलग-अलग जत्थेबंदियों द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से दुकानों को बंद करने की अपील की गई थी। इस दौरान कुछ असमाजिक तत्वों ने माहौल को खराब करने के लिए जमकर बवाल मचाया। हथियारों के साथ स्कूलों में घुस गए और जबरदस्ती स्कूलों को बंद कराने की कोशिश की गई। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
हथियारों के साथ स्कूल में घुसे प्रदर्शनकारी
वीडियो मेंसाफ देखा जा सकता है कि बंद के दौरान कुछ युवक हाथों में तेजधार हथियार लेकर स्कूल के अंदर दाखिल होते हैं। इस दौरान वह हंगामा करते हुए स्कूल को बंद करवाने की बात कह रहे हैं। वीडियो में स्कूल में बच्चे भी दिख रहे हैं जो हथियारबंद युवकों को देख सहम जाते हैं। इसके बाद ये शरारती तत्व गुरु नानक मिशन चौक पर स्थित दुकान के बाहर पहुंचते हैं।
कुछ लोग दुकान के अंदर जाते हैं तो कुछ दुकान के बाहर ही खड़े होकर हंगामा करते रहते हैं। बंद के आह्वान के बाद से जालंधर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात था, लेकिन इसके बावजूद यह शरारती तत्व हाथों में हथियार लेकर हंगामा कर रहे हैं।
प्रिंसिपल पर हमला
इसके अलावा आबादपुरा स्थित एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल पर कुछ युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। घायल अवस्था में लोगों ने प्रिंसिपल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के मुताबिक पंजाब बंद होने के कारण स्कूल में छुट्टी थी लेकिन प्रिंसिपल एसआर कटारिया स्कूल में ही थे। स्कूल में उनके अलावा एक काम करने वाली महिला थी। जिस वक्त प्रिंसिपल पर हमला हुआ, उस वक्त महिला बाहर कुछ काम कर रही थी। हमले में प्रिंसिपल का कान कट गया है।