मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में हुई नरसंहार मामले में पुलिस लगातार छानबीन कर रही है। आरोपी सोहवीर ने इस नरसंहार को क्यों अंजाम दिया? अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी कर्ज में डूबा हुआ था जिसे चुकता करने के लिए उसने अपने घरवालों से पैसे मांगे। लेकिन घर से पैसे नहीं मिलने पर नाराज सोहवीर ने 5 लोगों की निर्मम हत्या कर खुद को गोली मार ली ली। वहीं सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के शव को पोस्टमॉर्मटम के लिए भेज दिया जिसमें डॉक्टर को ऐसी चीजें मिली है जो चौंकाने वाली है।
दरअसल, पोस्टमार्टम करने से पहले चिकित्सकों ने उसके शरीर पर पहने हुए कपड़ों की तलाशी ली। इस दौरान डॉक्टर्स को हैरान कर देने वाली चीजें मिली। जब आरोपी के पैंट की जेब चेक की गई तो वहां से पिपर स्प्रे की चार बोतलें, नींद की गोलियां क्लोनाजेपम और अल्प्राजोलम का एक-एक पत्ता मिला। क्लोनाजेपम की सभी गोलियां गायब थी। जबकि अल्प्राजोलम के पत्ते से छह गोलियां निकाली गई थी। लेकिन पिपर स्प्रे का प्रयोग नहीं किया गया था।
हत्यारे सोहवीर की जेब से ये सारी चीजें जो मिली थी उसे चिकित्सकों द्वारा सूची बनाने के साथ ही बरामद सामान को सील कर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। बरामद नींद की गोलियों के पत्ते से गोलियां गायब होने से इस बात की पुष्टि हो रही है कि हत्यारे ने इन गोलियों को कोल्डड्रिंक में मिलाया होगा, ताकि परिवार को गहरी नींद में सुलाया जा सके।
गौरतलब है कि मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव में एक सनकी युवक सोहवीर ने शुक्रवार को 5 लोगों की (दो भाई, जीजा, भाई की पत्नी, दोस्त) फावड़े से काटकर हत्या कर दी। जबकि उसके हमले में दो लोग (आरोपी की पत्नी और मामी) घायल हो गए। परिवार की 5 लोगों की नृशंस हत्या करने के बाद युवक ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक हत्याकांड के बाद लोग स्तब्ध हैं।मामले की जांच में शनिवार को घर से कोल्डड्रिंक की बोतलें भी जब्त की गई थीं। सभी को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।