पटना: सम्राट चौधरी जब से बिहार बीजेपी अध्यक्ष बने हैं तब से लगातार आए दिन वो विपक्ष पर हमला करते रहते हैं। ज्यादातर उनका निशाना बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर रहता है। इस बीच अररिया जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने राहुल गांधी की तुलना, मारे गए अल-कायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन से करते हुए कहा कि सिर्फ दाढ़ी बढ़ा लेने से कोई देश का प्रधानमंत्री नहीं बन सकता।
भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ओसामा बिन लादेन की तरह दाढ़ी रखते हैं और सोचते हैं कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह बन जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी को एक बच्चे से तुलना करते हुए कहा कि वो भले ही 50 साल के हैं। लेकिन उनके पास राजनीतिक अकल नहीं है। तो ऐसे लोगों को बच्चा ही कहा जा सकता है।
इस दौरान उन्होंने हमेशा की तरह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। जहां राहुल गांधी को उन्होंने ओसामा बिन लादेन से कंपेयर किया। तो वहीं नीतीश कुमार की तुलना फिल्म गजनी में आमिर खान के चरित्र से करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है। चौधरी ने कहा कि बिहार के सीएम को पीएम के ताज के सपने ने परेशान कर रखा है। उन्हें भूलने की बीमारी लग गई है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी को मौका दीजिए। बिहार में भी योगी मॉडल सरकार की जरूरत है। यहां अगर बीजेपी की सरकार बनती है तो गोहत्या में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जो जंगल राज स्थापित है उसका भी विनाश हो जाएगा। उन्होंने ये भी कहा किजो हिंदुस्तान में रहकर पाकिस्तान का गुणगान करते हैं, उन्हें भी नहीं बख्शा जाएगा अगर हिंदुस्तान में रहना है तो हिंदुस्तान के साथ चलना पड़ेगा।