जयपुर: राजस्थान में एक हजार करोड़ की लागत से एक भव्य अक्षरधाम मंदिर का निर्माण हो रहा है जो पूरे भारत का सबसे बड़ा अक्षरधाम मंदिर होगा। इस मंदिर का निर्माण जोधपुर में हो रहा है जिसका निर्माण कार्य पिछले पांच साल से चल रहा है। इस मंदिर में एक ऐसा हॉल बनाया गया है जहां एक साथ करीब 3 हजार लोगों के बैठने की जगह है। जोधपुर में बन रहे इस मंदिर को स्वामीनारायण संस्था बीपीएस की ओर से बनवाया जा रहा है।
जोधपुर में बन रहे अक्षरधाम मंदिर का विशालकाय रूप देख लोगों का मानना है कि ऐसा मंदिर भारत में इतना बड़ा मंदिर अभी कहीं नहीं बना है। बता दें कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में 14 एसी और 12 हेलीकॉप्टर फैन भी लगाए गए हैं जिससे श्रद्धालुओं को गर्मी में कोई तकलीफ ना हो। वहीं मंदिर में होने वाले सत्संग और अन्य कार्यक्रमों के लिए एक बड़ा हॉल बनाया गया है जिसमें एक साथ में करीब 3 हजार लोगों के बैठने की सुविधा है।
खोला जा रहा है नशा मुक्ति केंद्र
बता दें कि इस विशालकाय मंदिर में सिर्फ इतना ही व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा मंदिर में लोगों के लिए खाना बनाने की मशीनें भी लगी हैं, जहां एक साथ लगभग दो हजार लोगों का खाना बनकर तैयार हो जाएगा। इसके साथ ही बच्चों के खेलने के लिए एक गार्डन भी बनाया गया है। यह गार्डन 15 बीघा में बनाया गया है। मंदिर की सबसे खास बात यह है कि यहां युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए नशा मुक्ति केंद्र भी खोला जा रहा है।