जम्मू:जम्मू-कश्मीर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। दरअसल, मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जा रही एक बस जज्जर कोटली इलाके में पुल से नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं लगभग 55 लोग हादसे में बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर CRPF, SDRF और पुलिस के जवान रेस्क्यू करने पहुंचे। इस दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है।
दरअसल, ये घटना मंगलवार सुबह की है जहां जम्मू के झज्जर-कोटली में बस हादसा हो गया। बस तीर्थयात्रियों को जम्मू-कश्मीर के बाहर से माता वैष्णो देवी मंदिर ले जा रही थी। इस दौरान जैसे ही बस नेशनल हाइवे 44 पर झज्जर कोटली पहुंची, बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। बस हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। वहीं स्थानीय लोगों ने इस घटना की जानकारी प्रशासन को दी जिसके बाद रेस्क्यू के लिए CRPF, SDRF और पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे।
इस हादसे के दौरान बस में 75 लोग सवार थे जिसमें से 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं अन्य का जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, बस में सवार यात्री मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। वह बच्चे के मुंडन के लिए परिवार के सभी करीबी बस में कटरा जा रहे थे। मुंडन समारोह के बाद उनके माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा करने की योजना थी।
मामले में एसएसपी चंदन कोहली ने बताया कि सभी लोगों को निकाल लिया गया है और बचाव कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि बस में निर्धारित सीमा से ज्यादा यात्री सवार थे और इस बारे में जांच की जाएगी।वहीं, रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पहुंचे CRPF अधिकारी अशोक चौधरी ने कहा कि उन्हें सुबह घटना की जानकारी लगी। तुरंत रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचाई।