देहरादून: पूर्व सांसद आनंद मोहन अपने विधायक बेटे चेतन आनंद की शादी समारोह में शामिल होने के लिए देहरादून पहुंचे हैं। देहरादून के कैनाल रोड स्थित लग्जरिया फार्म बाय सॉलिटेयर में चेतन आनंद आज शादी के बंधन में बंध जाएंगे।
कई दिन पहले से चल रही थी तैयारियां
पूर्व सांसद आनंद मोहन के बेटे की शादी को लेकर देहरादून में कई दिनों से तैयारी चल रही थी। आनंद मोहन अपनी पत्नी लवली के साथ तीन दिन पहले ही देहरादून पहुंच चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, वे अपने सुभाष रोड स्थित घर जाने के बजाय किसी होटल में ठहरे हुए हैं।
डॉक्टर है होने वाली बहू
आनंद मोहन की होने वाली बहू डॉक्टर हैं। चेतन आनंद की शादी डाक्टर आयुषी सिंह से होने जा रही है, जो जयपुर में निम्स मेडिकल कालेज में सेवाएं दे रही हैं। बीते मंगलवार को ओल्ड राजपुर स्थित शहंशाही रिजार्ट में आनंद मोहन के बेटे की ग्रांड काकटेल पार्टी भी हुई, जिसमें कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की।
सीएम नीतीश कर सकते हैं शिरकत
इस शादी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तेजस्वी सहित देशभर के कई बड़े चेहरे शिरकत करेंगे। बिहार के कई राजनेता और कारोबारी देहरादून पहुंच चुके हैं। इस शादी में उत्तराखंड की भी बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
जेल से रिहाई के बाद तेज हो गई राजनीति
आनंद मोहन अपने बेटे चेतन आनंद की शादी के लिए जेल से पैरोल पर बाहर आए थे। हालांकि, बिहार सरकार ने इसी बीच जेल नियमों में संशोधन कर 27 कैदियों को रिहा करने का एलान किया, जिसमें आनंद मोहन भी जेल से छूट गए। हालांकि, देशभर में नीतीश सरकार के इस फैसले का विरोध हुआ। हालांकि, भाजपा ने दबी जुबान से इसका समर्थन किया।