आजमगढ़: उत्तर-प्रदेश में निकाय चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियां जमकर ताल ठोक रही हैं। इसी के चलते यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आजमगढ़ पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जनसभा में अपने संबोधन के दौरान सांसद दिनेश लाल उर्फ निरहुआ की जमकर तारीफ की।
यूपी के निकाय चुनाव के लिए बीजेपी अपनी पूरी ताकत झोक रही है। सीएम योगी खुद शहर-शरह जनसभाएं और रैलियां कर रहे हैं। अपने प्रत्याशियों के लिए वो जमकर प्रचार कर रहे हैं। बुधवार को सीएम योगी आजमगढ़ में यूपी की पहले की सरकारों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि दुनिया के अंदर आजमगढ़ को कभी उसके ओज और तेज के जाना जाता था, लेकिन 2017 से पहले जिनके पास सत्ता की बागडोर थी उन लोगों ने इसका केवल दोहन करने का काम किया।
कलम के स्थान पर दिया कट्टा
सीएम योगी ने कहा कि हमारे युवाओं के हाथों में कलम के स्थान पर कुछ लोगों ने कट्टा देने का काम किया। आज समय बदल चुका है और हम युवाओं को कट्टे से कलम की ओर लेकर जा रहे हैं। हम अपने युवाओं को तमंचे नहीं टैबलेट दे रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि 5 साल पहले पूर्व मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार करने यहां आए थे, आज अगर वो सड़क मार्ग से यहां आएंगे तो इस जनपद को पहचान भी नहीं पाएंगे। आजगमढ़ आज पूरी तरह से बदल चुका है।
सीएम योगी ने की निरहुआ की तारीफ
इस दौरान सीएम योगी ने भोजपुरी एक्टर और बीजेपी सांसद दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पहली बार आजमगढ़ से एक कलाकार सांसद बना। परिणाम ये रहा कि आज यहां हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय बनाया गया। यह जनपद फिर से अपने गौरवशाली अतीत के लिए जाना जा रहा है।
निरहुआ बनेंगे कन्हैया
इसी बीच दिनेश लाल यादव की नई फिल्म हमार नाम बा कन्हैया की शूटिंग लखनऊ में शुरु हो गई है। फिल्म सस्पेंस और थ्रीलर आधारित है, जिसमें निरहुआ कन्हैया की भूमिका में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म गिरिराज प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही है। जिसकी स्क्रिप्ट राहुल रंजन और सुशांत कुमार मिश्रा ने लिखी है। जबकि डायलॉग शशि रंजन द्विवेदी का है। इस फिल्म के निर्माता मुकेश गिरी और निर्देशक विशाल वर्मा हैं।इस फिल्म के गीत डॉक्टर सागर ने लिखे हैं, जबकि संगीत साजन मिश्रा का है। डीओपी का काम इमरान कर रहे हैं वहीं फिल्म के पीआरओ चिंतामणी सिंह हैं।फिल्म में निरहुआ के साथ संजय पांडेय, समर कात्यायन, अयाज खान, मुक्तेश्वर ओझा, राजेश तोमर और अमरीता पाल मुख्य भूमिका में है।
यह फिल्म सार्थक सिनेमा के रूप में आएगी-निरहुआ
इस दौरान निरहुआ ने कहा कि हमार नाम बा कन्हैया भी एक सार्थक सिनेमा के रूप में दर्शकों के समक्ष होगी। इसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है। फिल्म की पूरी यूनिट जी जान से अपना 100 प्रतिशत दे रही है। उन्होंने कहा कि, हम सभी उम्मीद करते हैं कि हमारी फिल्म बेहद अच्छी बनेगी और आप सभी लोग इसे बहुत सारा स्नेह और आशीर्वाद देंगे।