जब मुशर्रफ हो गए थे धोनी के लंबे बालों के फैन, कहा Don’t cut your hair, माही ने कुछ यूं दिया था जवाब

नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेश मुशर्रफ का रविवार को निधन हो गया । वो 79 साल के थे और लंबे समय से एमाइलॉयडोसिस नाम कीबीमारी से ग्रस्त थे। उन्होंने दुबई के एक अस्पताल में अपने जीवन की अंतिम सांस ली। मुशर्रफ को क्रिकेट से काफी लगाव था वो कई बार भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच देखने पहुंचे थे। लेकिन दोनों देशों के बीच साल 2006 में खेली गई सीरीज के दौरान ऐसा कुछ हुआ जिसे आज भी बहुत याद किया जाता है। दरअसल मुशर्रफ धोनी के खेल के साथ-साथ उनके बालों के भी फैन हो गए थे।

मुशर्रफ हुए थे धोनी के लंबे बालों के फैन

वो दौर भारतीय टीम में बदलाव का और धोनी युग की शुरूआत का था। कोच ग्रेग चैपल और सौरव गांगुली के बीच विवादों के बाद दादा टीम से बाहर हो चुके थे। उनकी जगह उप-कप्तान राहुल द्रविड को टीम की कमान सौंपी गई। भारतीय टीम पाकिस्तान दौरे पर वनडे और टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची थी। इंजमाम उलहक की कप्तानी में पाकिस्तान ने भारत को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से हरा दिया था। इसके बाद पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू हुई। पहले मैच में भारत को हार मिली और दूसरे में पाकिस्तान को।

इसके बाद दोनों देशों के बीच सीरीज का तीसरा मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जा रहा था। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 288 रनों का टारगेट दिया। जिसके जवाब में महेंद्र सिंह धोनी ने महज 46 गेंदों पर 13 चौके जड़ते हुए 72 रनों की तूफानी पारी खेली। धोनी के शानदार प्रदर्शन के बाद सचिन तेंदुलकर की 95 और युवराज सिंह की नॉटआउट 79 रनों की पारी ने भारत को जीत दिला दी। हेलीकॉप्टर शॉर्ट के जनक धोनी के बाल उस समय लंबे हुआ करते थे। दुनियाभर के क्रिकेट फैंस माही के खेल के साथ-साथ उनके बालों के भी दीवाने थे।परवेज मुशर्रफ भी इससे अछूते नही रहे और उन्होंने धोनी के बालो की जमकर तारीफ की।

डोन्ट कट योर हेयर

दरअसल उस सीरीज के मुकाबले के दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ भी पहुंचे थे। पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में उन्होंने धोनी के लंबे बालो की खूब प्रशंसा की। मुशर्रफ ने कहा था कि मैंने स्टेडियम में कई प्लेकार्ड लगे देखें हैं, जिसमें धोनी को हेयर कट कराने की सलाह दी जा रही है, लेकिन धोनी मैं आपसे कहना चाहता हूं डोंट कट योर हेयर , यू लुक गुड इन दिस।

धोनी ने ऐसे दिया था तारीफ पर रिस्पॉस

परवेज मुशर्रफ ने जब धोनी के बालों की तारीफ की तो पूरा गद्दाफी स्टेडियम तालियों के शोर से गूंज उठा। धोनी के फैंस में गजब का उत्साह नजर आया। मुशर्रफ की तारीफ पर धोनी ने मुस्कुरा कर रिस्पॉस दिया था। उस समय भारत और पाकिस्तान के मैच से ज्यादा परवेज की धोनी के बालों को लेकर तारीफ मीडिया में सुर्खियां बनी थीं। धोनी को उस मैच में उनकी बेहतरीन पारी के लिए मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। जबकि पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने के लिए युवराज सिंह को मैन ऑफ द सीरीज अवार्ड से नवाजा गया भारत ने उस वनडे सीरीज में 4-1 से पाकिस्तान पर जीत दर्ज की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *