राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए हिमाचल के 40 विधायक, 14 किलोमीटर साथ चलकर की यात्रा

शिमला: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में चल रही है। आज हिमाचल कांग्रेस की पूरी टीम ने राहुल गांधी को ज्वाइन किया है। इस पर राहुल गाँधी ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। अभी कुछ दिन पहले ही हिमाचल में कांग्रेस को चुनाव में जीत हासिल हुई है।

14 किलोमीटर की यात्रा

इस यात्रा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत सभी 40 विधायक शामिल हुए। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में हिमाचल कांग्रेस के सभी विधायकों ने शुक्रवार को शामिल होकर 14 किलोमीटर तक पैदल सफर किया। यात्रा के 100 दिन होने पर राजस्थान के दौसा में राहुल गांधी के साथ सुबह 8:30 से दोपहर 1:00 बजे तक विधायकों ने साढ़े चार घंटे का सफर किया।

यह लोग हुए यात्रा में शामिल

यात्रा में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और प्रभारी राजीव शुक्ला भी शामिल हुए। शाम को विशेष बस से सभी विधायक दिल्ली पहुंचे। शनिवार को दिल्ली में थकान मिटाकर रविवार सुबह सभी विधायक शिमला के लिए रवाना होंगे।

यात्रा के 100 दिन हुए पूरे

भारत जोड़ो यात्रा के शुक्रवार को 100 दिन पूरे हुए। सात सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा आठ राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश से होते हुए राजस्थान से गुजर रही है। शुक्रवार सुबह 8:30 बजे हिमाचल कांग्रेस राजस्थान के दौसा में राहुल गांधी की यात्रा में शामिल हुई।

हिमाचल जीत पर यह बोले राहुल

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि हिमाचल की जनता ने नफरत की मानसिकता को ठुकराकर प्रगति और प्रेम को गले लगाया है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को मेहनत और तपस्या से सफलता मिली है। उन्होंने लिखा कि हम भारत जोड़ो यात्रा पर इसी विश्वास के साथ निकले थे कि राह कठिन होगी, मगर बदलाव मुमकिन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *