अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2022 पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का होगा आगमन

कुरूक्षेत्र: हरियाणा के कुरूक्षेत्र में 29 नवंबर से शुरू होने वाली अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2022 की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी विभिन्न तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की बाबत जानकारी देते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज कहा कि इस बार अतंरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 भक्तों के लिए बहुत कुछ नया होगा। बड़ी बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू न सिर्फ भाग लेंगी बल्कि इस पावन कार्यक्रम का उद्घाटन भी उनके ही हाथो होना है।

क्या है कार्यक्रम की रूपरेखा

भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू IGM-2022 के दौरान होने वाले मुख्य कार्यक्रमों का औपचारिक उद्घाटन करेगी और ब्रह्म सरोवर के गीता यज्ञ में भी शामिल होंगी। इसी के साथ वे कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का शुभारंभ करेगी। 950 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास भी राष्ट्रपति के द्वारा किया जाना है।

महोत्सव की ये है खासियत

अतंरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में लोकनृत्य, सरस और शिल्प मेला, लघु उद्योग, राज्य की संस्कृति को प्रदर्शित करने वाला हरियाणा पवेलियन भी स्थापित किया गया है। इन सबके जरिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की जानकारी मिल पायेगी। साथ ही साथ आईजीएम-2022 के दौरान विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों द्वारा कुरूक्षेत्र, संत कबीर, संत रविदास, महर्षि वाल्मिकी, इस्कॉन आदि तीर्थों की प्रदर्शनियां भी लगाई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि पवित्र धार्मिक ग्रंथ भगवद गीता के संदेश को पूरे विश्व में लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से गीता स्थली यानी कुरूक्षेत्र की पावन धरा पर हरियाणा सरकार द्वारा विगत कई वर्षों से भव्य अतंरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *