सीमा पर सेना के जवानों संग पीएम मोदी, दीपावली को बताया आतंक के अंत का उत्सव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल में जवानों के बीच दीपावली मनाई। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका परिवार सेना के जवान हैं और जवानों के साथ साथ दिवाली मनाना उन्हें अच्छा लगता है। जवानों को दीपावली का मतलब बताते हुए कहा कि असल में दीपावली का सार ही ये है कि आतंक का अंत हो और फिर उसका उत्सव मनाया जाए। हमने आतंक के हर फन को कुचला है। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोई भी राष्ट्र खुद को तभी सुरक्षित कह सकता है जब उसके बॉर्डर सुरक्षित हों, जब उसकी अर्थव्यवस्था सशक्त हो और जब गरीबों को अपना खुद का घर मिले, हर सुविधा मिले।

इस बार पीएम लगातार नौवीं बार जवानों साथ दीपावली मनाई। प्रधानमंत्री मोदी ने जवानों को संबोधित कर उनका हौसला बढ़ाया। इशारों में पड़ोसी देश को भी घेरा और कहा कि अगर हमे कोई आंख दिखाएगा तो हमारे तीनों सेना के जवान छोड़ने वाले नहीं है। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी ने युद्ध के स्थान पर शांति की बात की।

पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू के नौशेरा में जवानों के साथ दीपावली मनाई थी। उन्होंने भारतीय सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवानों की सराहना करते हुए कहा था कि ये जवान सुरक्षा कवच हैं, जिनकी बदौलत से सभी भारतवासी बिना डर चैन की नींद सो पाते हैं।

2020 में पीएम मोदी ने राजस्थान के जैसलमेर के लोंगेवाला में सैनिकों के साथ दीपावली मनाई थी। वहां भी प्रधानमंत्री ने जवानों के साहस और निष्ठा की सराहना करते हुए कहा था कि जब तक भारतीय सैनिक मौजूद हैं, इस देश का दीपावली समारोह पूरे जोरों पर और रोशनी से भरा रहेगा।

2019 में जम्मू संभाग के जिला राजौरी में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तैनात सैनिकों के साथ दीपावली मनाई थी। उन्होंने सैनिकों को अपने परिवार के रूप में बताते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान भी समस्त भारत वर्ष को पर्व की खुशियां मना रहा है, उसकी वजह सीमाओं की रक्षा तैनात हमारे जवान हैं। जो अपने बीवी-बच्चों, माता-पिता से दूर देश की सीमाओं पर डटे हुए हैं।

2018 में प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के हरसिल में भारतीय सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों के साथ दीपावली मनाई थी। इसके बाद उन्होंने केदारनाथ धाम में पूजा-अर्चना की थी।

2017 में प्रधानमंत्री मोदी कश्मीर संभाग के बांडीपोर जिले की गुरेज घाटी में सेना के जवानों और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया था।

2016 में प्रधानमंत्री मोदी एक चौकी पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस कर्मियों के साथ दीपावली का त्योहार मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश गए थे।

2015 में सैनिकों के साथ दीपावली मनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी पंजाब सीमा पर गए थे।

2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने सैनिकों के साथ सियाचिन में दीपावली मनाई थी। प्रधानमंत्री बनने से पहले भी मोदी जवानों के साथ ही दीपावली मनाते आ रहे हैं। जब प्रधानमंत्री गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब भी दीपावली पर सैनिकों के बीच जाया करते थे। वहीं प्रधानमंत्री के कारगिल पहुंचने पर लद्दाख प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *