फीफा वर्ल्ड कप 2022 के क्वालिफायर में आज (गुरुवार) से भारत अपने अभियान की शुरुआत ओमान के खिलाफ करेगा. जो भारतीय कोच इगोर स्टिमाच और कप्तान सुनील छेत्री के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी. बता दें कि भारत के सबसे हाई प्रोफाइल कोच में से एक इगोर स्टिमाच 1998 के वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली क्रोएशियाई टीम में शामिल थे.
हालांकि भारतीय टीम के साथ उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही. जहां थाईलैंड में हुए किंग्स कप में भारत तीसरे स्थान पर थी, वहीं इंटरकॉन्टिनेंटल कप में में भी भारत का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा. वर्ल्ड कप क्वालिफायर में भारत को कतर और ओमान जैसी मजबूत टीम के साथ रखा गया है. जिसपर स्टिमाच ने कहा है कि , ओमान और कतर ग्रुप में सबसे मजबूत टीमें हैं. हमने दोनों में से किसी के भी खिलाफ विश्व कप क्वालिफाइंग मैच नहीं जीता है जिस कारण यह आसान नहीं होगा. हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा.
वहीं मैच से पहले भारत को एक बड़ा झटका तब लगा जब युवा मिडफील्डर खिलाड़ी अमरजीत सिंह कियाम चोट के कारण बाहर हो गए. बता दें कि स्टिमाच के कोच बनाये जाने के बाद पांचों मैच खेलने वाले अमरजीत सिंह अकेले खिलाड़ी हैं. डिफेंस में उनकी कमी भारत को खलेगी. डिफेंस में संदेश झिंगन को एक मजबूत साथी की जरूरत है. झिंगन के साथ राहुल भेटके, बाईं ओर शुभाशीष बोस और दाईं ओर प्रीतम कोटल होंगे. वहीं मिडफील्ड की कमान उदांता सिंह के पास होगी. बता दें कि स्टिमाच 4.2.3.1 के संयोजन के साथ खेलना पसंद करते हैं. ऐसे में कप्तान सुनील छेत्री फॉरवर्ड पंक्ति में अकेले होंगे.