मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की. बताया जा रहा है कि यह मुलाकात मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर हुई. मुख्यमंत्री बनने के बाद कमलनाथ ने इस पद से इस्तीफा दे दिया था. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कई गुटों के नेता रेस में हैं.
बताया जा रहा है किइसमें नये नाम पर चर्चा और फिर ऐलान होने की उम्मीद है. इस बीच खबर है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पीसीसी चीफ के लिए पार्टी के कई नेताओं के सामने अपना दावा पेश कर दिया है. अटकलें हैं कि आज पार्टी के नये प्रदेश प्रभारी के नाम का भी एलान हो सकता है. सिंधिया ने किया दावा-सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पीसीसी चीफ पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है. बताया जा रहा है कि पार्टी नेताओं के सामने उन्होंने अपनी दावेदारी ठोकी. खबर ये भी है कि सिंधिया बीजेपी के कई नेताओं के संपर्क में भी हैं.
धार्मिक यात्रा के दौरान राजनीतिक गुफ़्तगू
मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री कमलनाथ गुरुवार को दिल्ली रवाना हुए थे. वो धार्मिक यात्रा पर वैष्णो देवी जा रहे हैं. रास्ते में दिल्ली प्रवास के दौरान आज वो पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर रहे हैं. दोनों के बीच ताज़ा राजनीतिक हालात और मुद्दों पर चर्चा होगी. मुख्य मुद्दा नया पीसीसी चीफ की नियुक्ति का होगा. अभी सीएम कमलनाथ ही पीसीसी चीफ भी हैं. उनके सीएम बनने के बाद एक व्यक्ति एक पद के नियम के कारण उनका पीसीसी चीफ का पद छोड़ना तय है. लोकसभा चुनाव के बाद वो प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश भी कर चुके हैं. लेकिन अभी तक नया नाम तय नहीं हो पाने के कारण फैसला टल रहा है.