स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 73 कैदियों को आजाद करेगी योगी सरकार

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार 73 सजायाफ्ता कैदियों को रिहा करेगी. खबरों के मुताबिक ये वो सजायाफ्ता कैदी है, जो अपनी पूरी सजा तो काट चुके हैं लेकिन जुर्माने की राशि नही दे पाने के कारण अभी तक राज्य की जेलों में बंद है. योगी सरकार करीब 2 दर्जन जेलों से 73 कैदियों को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिहा करेगी.

इस फैसले के बारे में अपर मुख्य सचिव, गृह एवं कारागार अवनीश कुमार अवस्थी ने पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाओं को आवश्यक दिशा – निर्देश दिए हैं.

मेरठ, कानपुर नगर, मुरादाबाद, अलीगढ़, बरेली, हमीरपुर, चित्रकूट, सुल्तानपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, मथुरा, अयोध्या, आगरा, उन्नाव, उरई, हरदोई, फतेहगढ़, लखनऊ, कन्नौज, सीतापुर, गोंडा, सोनभद्र, झांसी, गाजियाबाद और रायबरेली के जेलों से 15 अगस्त को कैदी रिहा किए जाएंगे. बता दें कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सजा काट चुके कैदियों को छोड़ने का प्रावधान है. इस व्यवस्था का लाभ उन कैदियों को मिलता है, जिनका जेल में आचरण बढ़िया रहता है.

उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाने की तैयारी जोरों – शोरों से चल रही है. इस उत्सव के मद्देनजर पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. वहीं राज्य की राजधानी लखनऊ में शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *