राजस्थान की राजधानी जयपुर के 10 थाना क्षेत्र में धारा 144 लगा दी गयी है, साथ ही मोबाइल और इंटरनेट सेवा बंद कर दी गयी है। बीते तीन दिनों से जयपुर में चल रहे सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए राजस्थान सरकार ने ये कदम उठाया है। राजस्थान पुलिस के महानिदेशक भूपेंद्र सिंह ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि तनाव और उपद्रव प्रभावित इलाकों में जरूरी एहतियाती कदम उठाते हुए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। पिछले तीन दिनों में उपद्रव मचाने के सिलसिले में पांच मामले दर्ज हो चुके है, जिसमे से पुलिस अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, साथ ही कुछ और असामाजिक तत्वों को जल्द ही गिरफ्तार करने की बात चल रही है। रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस के मौके को ध्यान में रखते हुए पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। मौजूदा हालात को देखते हुए इस बार नियमित बंदोबस्त के अलावा और भी कई उपाय किए गए हैं। इसके साथ ही सिंह ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
आपको बता दे कि, रविवार को अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ लोगों द्वारा जयपुर के गलता गेट इलाके में कांवड़ यात्रियों से दुव्यर्वहार की घटना सामने आई थी। इसको लेकर हिंदू समुदाय में नाराजगी थी। सोमवार रात दोनों समुदाय आमने सामने आ गए हालांकि इसका तात्कालिक कारण अज्ञात है। पुलिस ने कहा कि, प्रथम दृष्टटया एक छोटी सी सड़क दुर्घटना के बाद कुछ लोगों ने रास्ता जाम किया। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। जयपुर के गलता गेट ईदगाह सहित कुछ इलाकों में सोमवार रात दो पक्षों में तनाव और पत्थरबाजी की घटनाएं हुई थीं। मंगलवार को दिन में हालात सामान्य रहे, लेकिन रात में शहर के गंगापोल इलाके में फिर तनाव बढ़ गया। पथराव की घटना के बाद चारदीवारी और आसपास के 10 थाना क्षेत्रों में पांच दिन के लिए धारा 144 लगा दी गयी। इन थाना क्षेत्रों में मोबाइल और इंटरनेट सेवा सोमवार रात से ही बंद है।
सूत्रों के मुताबिक, जयपुर के गलता गेट पर बवाल उस समय भड़का, जब एक पक्ष के लोगों ने दिल्ली हाईवे जाम कर दिया। आरोपियों ने हरिद्वार से चलने वाली एक बस पर पत्थरबाजी कर दी। इस घटना में कुछ बस यात्रियों के चोटिल होने के बाद अफवाह उड़ी और देखते ही देखते दूसरे संप्रदाय के लोग भी सड़क पर उतर आए। इस बीच दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को भी भीड़ ने नहीं बख्शा। पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया गया। पुलिस के अनुसार, उत्तेजित भीड़ ने लगभग आधा दर्जन कारों के शीशे तोड़ दिए और गाड़ियों में आग लगा दी।