वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि रिजर्व बैंक की ओर से नीतिगत ब्याज दर यानी रेपो में कटौती से सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई), निर्यातकों और घर खरीदारों को सस्ता कर्ज मिलेगा, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नेफ्ट और आरटीजीएस लेनदेन पर शुल्क हटाने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और डिजिटल इंडिया पहल को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
गोयल ने अपने ट्वीट में लिखा, रिजर्व बैंक ने रेपो दर में कटौती की है, जिससे एमएसएमई, निर्यातकों और घर खरीदारों को सस्ता कर्ज मिलेगा। यह अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में मदद करेगा।
भारतीय रिजर्व बैंक ने बृहस्पतिवार को नीतिगत दर में चौथाई प्रतिशत की कमी की। यह लगातार तीसरा मौका है जब केंद्रीय बैंक ने रेपो दर में कटौती की है। ताजा कटौती के बाद रेपो दर 5.75प्रतिशत हो गयी गयी है।
भाषा