Big statement from Mohan Bhagwat: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि दुनिया की ताकतवर शक्तियां भारत को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहतीं। उन्होंने कहा कि कई देश अपना दबदबा बनाए रखना चाहते हैं और उन्हें लगता है कि भारत के विकास से उनका वर्चस्व कमजोर हो सकता है। भागवत के मुताबिक, भारत का उद्देश्य दूसरों पर शासन करना नहीं, बल्कि सभी की मदद करना है।
मोहन भागवत बुधवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। तीन दिवसीय इस आयोजन का संचालन स्थानीय संस्था ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन कर रही है। महोत्सव में अलग-अलग क्षेत्रों के पद्म पुरस्कार विजेताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह में पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान भी मौजूद रहे।
भारत दूसरों की मदद करने में विश्वास रखता है
भागवत ने कहा कि वैश्विक स्तर पर ताकत और वर्चस्व बनाए रखने की सोच हावी है। शक्तिशाली देश चाहते हैं कि उनकी स्थिति बनी रहे और दूसरे देश उनके प्रभाव में रहें। उन्होंने कहा कि भारत की सोच इससे अलग है और वह सभी की सहायता करना चाहता है। भारत उन पड़ोसी देशों की भी मदद करता है, जो उसके प्रति नफरत का भाव रखते हैं।
युवा पीढ़ी गुलामी की मानसिकता से बाहर
RSS प्रमुख ने युवाओं की सोच का जिक्र करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी गुलामी के प्रभाव से काफी हद तक बाहर निकल चुकी है। युवा ईमानदारी से अपनी बात रखने वालों का समर्थन करते हैं और झूठ को पसंद नहीं करते। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी भारत को महान बनाने की इच्छा रखती है।
विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की अहम भूमिका
पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवाओं का योगदान सबसे महत्वपूर्ण होगा। युवा इस लक्ष्य को हासिल करने में बड़ी भूमिका निभाने के साथ इसके सबसे बड़े लाभार्थी भी होंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना पूरा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसके लिए देश को अपनी पिछली उपलब्धियों से सीखने और बौद्धिक क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करने की जरूरत है।
आंतरिक चुनौतियों को बताया ज्यादा खतरनाक
जनरल अनिल चौहान ने वैश्विक सुरक्षा परिस्थितियों को संवेदनशील बताते हुए कहा कि दुनिया में शक्ति संतुलन तेजी से बदल रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि विकसित देश भारत को सफल और प्रभावशाली राष्ट्र बनते देखना नहीं चाहेंगे और उसके विकास के रास्ते में बाधाएं पैदा कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि बाहरी खतरों से ज्यादा गंभीर खतरा देश के भीतर मौजूद चुनौतियों से होता है।