अमित शाह ने दिल्ली में बारापुल्ला फेज-3 कॉरिडोर का किया उद्घाटन; ईस्ट से साउथ दिल्ली जाना हुआ आसान

नई दिल्ली; दिल्ली में रोजाना आवागमन करने वाले लोगों के लिए मंगलवार को बड़ी सुविधा शुरू हो गई। लंबे समय से निर्माणाधीन बारापुल्ला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। बारापुल्ला फेज-3 कॉरिडोर को जनता को समर्पित किए जाने के बाद पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

सराय काले खां से मयूर विहार फेज-1 को जोड़ने वाले इस एलिवेटेड कॉरिडोर की मुख्य लंबाई 3.5 किलोमीटर है। रैंप और लूप को शामिल करने पर इसकी कुल लंबाई करीब 4.9 किलोमीटर हो जाती है। छह लेन के इस कॉरिडोर में दोनों दिशाओं में तीन-तीन लेन हैं। परियोजना में वाहन चालकों के साथ पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। इसके लिए फुटपाथ और साइकिल ट्रैक की व्यवस्था की गई है।

मयूर विहार से एम्स तक मिलेगा सिग्नल-फ्री रास्ता

कॉरिडोर शुरू होने के बाद मयूर विहार फेज-1 और नोएडा से एम्स तक करीब 10 किलोमीटर का सिग्नल-फ्री मार्ग उपलब्ध होगा। इससे पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को रास्ते में पड़ने वाले कई ट्रैफिक सिग्नलों से राहत मिलेगी। व्यस्त समय में इस मार्ग पर यात्रा करने वालों के करीब 20 से 25 मिनट बचने का अनुमान है। आईएनए और आईआईटी दिल्ली की तरफ जाने वाले यात्रियों को भी इससे बेहतर सड़क संपर्क मिलने की उम्मीद है।

बारापुल्ला फेज-3 के साथ मुकरबा चौक अंडरपास के शुरू होने से दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों के बीच आवागमन को सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने परियोजना पूरी होने पर अधिकारियों और संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना की। दोनों परियोजनाओं से रोजाना सफर करने वाले लोगों को राहत मिलने के साथ व्यस्त समय में यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

11 साल से चल रहा था निर्माण

पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के अनुसार, बारापुल्ला फेज-3 का निर्माण करीब 11 वर्षों से चल रहा था। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के कुछ समय बाद उन्होंने परियोजना स्थल का निरीक्षण किया था और लंबित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली थी। उनके मुताबिक, परियोजना से जुड़े कई अनापत्ति प्रमाणपत्र और जरूरी अनुमतियां लंबित थीं। इन मामलों को दूर करने के बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया गया और अब कॉरिडोर को जनता के लिए खोल दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *