IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने 26 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत 11 राज्यों में हल्की से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
यूपी समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिणी आंतरिक ओडिशा के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। अगले 12 घंटे तक इसके डिप्रेशन के रूप में बने रहने की संभावना है, जिसके बाद इसके कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने का अनुमान है। IMD ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हरियाणा और दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में 26 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 27 सितंबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है, जबकि 28 सितंबर को बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
यूपी में 30 सितंबर तक बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, उन्नाव समेत कई जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 26 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आंधी और गरज-चमक की भी संभावना है। प्रदेश में बारिश का दौर 30 सितंबर तक जारी रहने का अनुमान है।
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इनके अलावा आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, श्रावस्ती, बहराइच, उन्नाव, कानपुर नगर समेत कई क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का खतरा भी बताया गया है। राहत और सुरक्षा एजेंसियों को जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
बिहार-उत्तराखंड में भी भारी बारिश की चेतावनी
बिहार में 26 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश और करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तराखंड के देहरादून, पिथौरागढ़ और नैनीताल समेत कई जिलों में 26 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। राज्य में 28 सितंबर तक बारिश जारी रह सकती है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।
एमपी और झारखंड में भी मौसम बिगड़ेगा
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 26 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। 25 से 27 सितंबर के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। झारखंड में लोहरदगा, लातेहार, गुमला और सिमडेगा के लिए बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य के 14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में अचानक बाढ़ की आशंका भी जताई गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव और बाढ़ को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।