दीपिका पादुकोण ने दिया दूसरी बेटी को जन्म, रणवीर सिंह ने शेयर की खुशखबरी; दुआ बनीं बड़ी बहन

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने शनिवार, 19 सितंबर 2026 को अपनी दूसरी बेटी को जन्म दिया। कपल ने खुद एक संयुक्त पोस्ट के जरिए फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की। दोनों ने पैरों के निशान वाली तस्वीर पोस्ट की, जिस पर दूसरी बेटी के जन्म की तारीख के साथ उसका स्वागत किया गया है। उनकी पहली बेटी दुआ अब बड़ी बहन बन गई हैं।

कपल ने खास अंदाज में किया बेटी का स्वागत

दीपिका और रणवीर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की। इसमें लिखा है- ‘वेलकम बेबी गर्लः 19.9.2026। दुआ, दीपिका और रणवीर।’ पोस्ट के साथ नजर वाले इमोजी का भी इस्तेमाल किया गया। बेटी के जन्म की खबर सामने आते ही फैंस और फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने कपल को बधाइयां देनी शुरू कर दीं।

कमेंट बॉक्स में बरसा प्यार

सोनू सूद, ताहिरा कश्यप, ऋषभ रिखिराम शर्मा और नेहा धूपिया समेत कई सितारों ने पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपिका और रणवीर को शुभकामनाएं दीं। सारा अर्जुन ने नजर वाले इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी, जबकि हार्डी संधू और एमी विर्क ने लाल दिल वाले इमोजी के जरिए खुशी जाहिर की। सोनू सूद ने कपल को ‘मुबारक हो’ लिखकर बधाई दी। वहीं सोनम कपूर ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘क्या सपना है, बहुत-बहुत बधाई।’ हुमा कुरैशी, डियाना पांडे और जय मेहता ने भी दूसरी बेटी के जन्म पर रणवीर और दीपिका को शुभकामनाएं दीं।

बेटी के जन्म से एक दिन पहले बप्पा के दर्शन

खास बात यह है कि दीपिका पादुकोण बेटी के जन्म से ठीक एक दिन पहले रणवीर सिंह के साथ मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर पहुंची थीं। उनके साथ रणवीर के माता-पिता भी मौजूद थे। पूरे परिवार ने मंदिर में बप्पा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया था। इस दौरान दीपिका का बेबी बंप भी साफ नजर आया था। वह नारंगी और बैंगनी रंग के सूट में नजर आईं, जबकि रणवीर सिंह ने बैंगनी रंग का कुर्ता पहना था। इससे एक दिन पहले रणवीर सिंह लालबाग के राजा के दर्शन के लिए भी पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *