माता लल्लेश्वरी जयंती समारोह में पहुंचे CM नायब सैनी, कश्मीरी पंडितों के लिए किए कई बड़े ऐलान

CM Nayab Saini reached Mata Lalleshwari Jayanti: गुरुग्राम में आयोजित माता लल्लेश्वरी जी की 705वीं जयंती और श्री राधा अष्टमी समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। बनी मंदिर गौशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने माता लल्लेश्वरी जी और श्री राधा रानी के चरणों में श्रद्धा पूर्वक नमन किया और प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने बताया कि हरियाणा में करीब 2 लाख कश्मीरी पंडित रह रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला में है। प्रदेश में कश्मीरी पंडितों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में 10 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि माता लल्लेश्वरी जी के भवन के लिए संस्था द्वारा आवेदन करने पर नियमों के अनुसार भूमि आवंटित की जाएगी। उन्होंने सेक्टर-2 बहादुरगढ़ में कश्मीरी पंडितों को आवंटित प्लॉटों पर ईडीसी और आईडीसी के ब्याज की 5 करोड़ 15 लाख रुपये की राशि वापस करने की घोषणा की।

संतों की वाणी समाज को देती है दिशा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि माता लल्लेश्वरी जी की वाणी मनुष्य को अपने भीतर ईश्वर को पहचानने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि माता लल्लेश्वरी जी संत और कवयित्री होने के साथ-साथ शिव और शक्ति के अभेद भाव का साक्षात स्वरूप थीं। उन्होंने कश्मीर की समृद्ध शैव दर्शन परंपरा को जन-जन की भाषा में समाज तक पहुंचाने का काम किया।

सीएम ने कहा कि संत और महापुरुष हमारी अमूल्य धरोहर हैं और इन्हें सहेजकर रखना सभी की जिम्मेदारी है। संतों और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना चला रही है। उन्होंने कहा कि मानसिक शांति, आंतरिक संतुलन और सामाजिक समरसता के लिए हमें संतों की वाणी की शरण में जाना होगा।

हरियाणा-कश्मीर के रिश्ते को बताया अटूट

मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर की महान विरासत ने भारतीय दर्शन, साहित्य और आध्यात्मिक चिंतन को समृद्ध किया है। माता लल्लेश्वरी जी की वाणी विभिन्न आध्यात्मिक परंपराओं के बीच सद्भाव का सेतु बनी। उन्होंने कहा कि हरियाणा और कश्मीर का रिश्ता केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि साझा संस्कृति, अध्यात्म और बंधुत्व से जुड़ा हुआ है।

इसके अलावा बनी गौशाला की एप्रोच रोड की दोबारा कारपेटिंग कराने और श्री बनी गौशाला के लिए 18 लाख रुपये की राशि जल्द भेजने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की। उन्होंने समाज में भाईचारे, प्रेम और समरसता को बढ़ावा देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *