बारिश से नुकसान पर CM योगी का सख्त आदेश, 24 घंटे में मुआवजा देने के दिए निर्देश

UP Rain Damage: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही अतिवृष्टि को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बारिश से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का तत्काल आकलन कराने तथा प्रभावित लोगों को आकलन पूरा होने के 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेने और प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

नुकसान का तत्काल आकलन करने के निर्देश

सीएम योगी ने कहा कि अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान का आकलन बिना देरी के कराया जाए। प्रभावित परिवारों तक हर संभव सहायता समय पर पहुंचनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे प्रभावित लोगों के संपर्क में रहें और उनकी जरूरतों के अनुसार राहत उपलब्ध कराएं।

मुख्यमंत्री ने जलभराव को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क किया। उन्होंने निर्देश दिया कि बारिश के कारण कहीं भी लंबे समय तक जलभराव की स्थिति न बने और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। वरिष्ठ अधिकारियों को जरूरत के अनुसार मौके पर जाकर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से भी सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। अतिवृष्टि के समय नदियों और जलाशयों में स्नान करने से भी बचना चाहिए और विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

बारिश से खराब सड़कों को पहले चलने लायक बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने गड्ढामुक्त सड़क अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल मोटरेबल यानी आवागमन के योग्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात खत्म होने के बाद जरूरत के मुताबिक सड़कों का नवीनीकरण कराया जाए। साथ ही सड़क मरम्मत में तेजी के साथ गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखने को कहा।

त्योहारों से पहले 681 प्रमुख मार्ग होंगे गड्ढामुक्त

सीएम योगी ने आगामी प्रमुख त्योहारों से पहले प्रदेश के 681 प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य दिया है। गणेश चतुर्थी, नवरात्रि, दीपावली और छठ के दौरान इस्तेमाल होने वाली सड़कों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों और बाजारों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत को प्राथमिकता देने को कहा गया है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने 9 विभागों के कुल 4.36 लाख किलोमीटर सड़क मार्गों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने 50 हजार किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। अब तक 5,751 किलोमीटर मार्गों पर काम पूरा हो चुका है।

सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत केवल गड्ढों पर पैचवर्क तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जहां जरूरत हो, वहां सड़क का उचित नवीनीकरण कराया जाए, ताकि मरम्मत लंबे समय तक टिकाऊ रहे। बारिश के दौरान सड़कों को पहले आवागमन के योग्य बनाने और बरसात के बाद जरूरत के अनुसार उनका नवीनीकरण कराने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *