BRICS समिट में PM मोदी की कब किस नेता से होगी मुलाकात? 3 दिन का पूरा शेड्यूल आया सामने

pm modi

BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को BRICS समिट 2026 का आयोजन होना है। सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए विदेशी नेताओं का दिल्ली पहुंचना शुरू हो गया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंच चुके हैं, जबकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 सितंबर को नई दिल्ली पहुंचेंगे। समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों और उनके प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की भी कुछ विदेशी नेताओं के साथ बैठकें निर्धारित हैं।

11 सितंबर को इन नेताओं से मिलेंगे PM मोदी

11 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। इसके अलावा वह ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से भी मुलाकात करेंगे। इसी दिन संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ प्रधानमंत्री की बैठक निर्धारित है।

12 सितंबर का पूरा कार्यक्रम

12 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी की इथियोपिया के प्रधानमंत्री Abiy Ahmed Ali के साथ बैठक होगी। इसके बाद मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ उनकी वार्ता होगी। प्रधानमंत्री अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी मुलाकात करेंगे।

इसी दिन प्रधानमंत्री की वियतनाम के प्रधानमंत्री Le Minh Hung के साथ बैठक होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ वार्ता करेंगी। वहीं 12 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भी अहम बैठक होगी।

13 सितंबर को कई देशों के नेताओं से वार्ता

13 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी की कजाकिस्तान के राष्ट्रपति Kassym-Jomart Tokayev के साथ बैठक होगी। इसके अलावा वह फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी के साथ भी वार्ता करेंगे। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति Matamela Cyril Ramaphosa और बुरुंडी के राष्ट्रपति Evariste Ndayishimiye के साथ बैठक निर्धारित है। प्रधानमंत्री नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति Kashim Shettima और युगांडा की उपराष्ट्रपति Jessica Alupo से भी मुलाकात करेंगे।

BRICS समिट को लेकर दिल्ली में सुरक्षा सख्त

BRICS समिट के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए NSG के 100 से अधिक ब्लैक कैट कमांडो और दिल्ली पुलिस की SWAT टीमें तैनात की गई हैं। भारत मंडपम और विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले 11 प्रमुख होटलों के आसपास हाईटेक एंटी-ड्रोन सिस्टम और रडार लगाए गए हैं, ताकि आसमान से भी निगरानी की जा सके।

13 सितंबर तक लागू रहेंगे ट्रैफिक प्रतिबंध

वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नई दिल्ली में 13 सितंबर तक सख्त नियम लागू किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं और 35 से ज्यादा सड़कों को बंद किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और सड़कों पर भीड़ कम करने के लिए दिल्ली में आज दफ्तर, स्कूल और कॉलेज बंद हैं। दिल्ली से सटे बॉर्डर पर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की भी सघन चेकिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *