नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर देशवासियों से ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को अपनाने की अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर देश के लोगों से बड़ा आह्वान किया है।
अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा, “हमें ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को अपनाना ही होगा। हमें केवल मौज-मस्ती के लिए विदेश यात्रा करने और विदेशी धरती पर शादियां करने से बचना चाहिए, इसके बजाय हमें ‘Weddings in India’ यानी भारत में शादियां करने के मंत्र पर चलना चाहिए।”
सोना पर रखें संयम
पीएम मोदी ने सोना खरीदने को लेकर भी लोगों से संयम बरतने को कहा है। उन्होंने कहा कि हमें जब तक बेहद जरूरी न हो, सोना खरीदने से बचना चाहिए। अभी एक साल तक सोना नहीं खरीदें।
100 साल पर विकसित भारत का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में विकसित भारत के लक्ष्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “हम जितना ज्यादा ‘स्वदेशी’ और आत्मनिर्भरता पर जोर देंगे, मुझे उतना ही ज्यादा विश्वास है कि जब हम आजादी के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाएंगे, तब तक हम अपने युवाओं को एक ‘विकसित भारत’ सौंपेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “आज की हमारी मेहनत से ही हम अपनी युवा पीढ़ी के सपनों को जरूर साकार करेंगे। आइए हम अपने प्रयासों में कोई कसर न छोड़ें। हमारी नीतियां सही हैं और हमारे इरादे नेक हैं। 140 करोड़ भारतीयों की संयुक्त शक्ति देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एकजुट हो रही है।”
अंत में पीएम मोदी ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा, “आइए हम जश्न मनाएं, एक दृढ़ संकल्प लें और उस संकल्प को हकीकत में बदलने के लिए एक साथ आगे बढ़ें।”