राजधानी को 200 नई इलेक्ट्रिक बसें, दिल्ली-करनाल इंटरस्टेट ई-बस और लेडीज स्पेशल सेवा होगी शुरू

दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को घोषणा की कि राजधानी के पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बुधवार को सुबह 11 बजे दिल्ली यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 200 नई इलेक्ट्रिक बसों के साथ दिल्ली-करनाल इंटरस्टेट ई-बस सेवा, लेडीज स्पेशल बस सर्विस और ईवी चार्जिंग स्टेशन का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “दिल्ली का पब्लिक ट्रांसपोर्ट दिल्लीवासियों की पहली पसंद बने, हमारी सरकार इसी लक्ष्य के साथ निरंतर काम कर रही है। इसी कड़ी में कल, बुधवार 19 अगस्त को सुबह 11 बजे दिल्ली यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 200 नई इलेक्ट्रिक बसों के साथ दिल्ली-करनाल इंटरस्टेट ई-बस सेवा, लेडीज स्पेशल बस सर्विस और EV चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ किया जाएगा।”

नई इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण के अनुकूल

यह पहल दिल्ली सरकार की ‘विकसित दिल्ली’ की अवधारणा के अनुरूप है। नई इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण के अनुकूल होंगी और वायु प्रदूषण को कम करने में मदद करेंगी। दिल्ली-करनाल इंटरस्टेट ई-बस सेवा से दोनों शहरों के बीच आवागमन आसान और सुविधाजनक बनेगा। वहीं, लेडीज स्पेशल बस सर्विस महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर शुरू की जा रही है।

ईवी चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण से इलेक्ट्रिक बसों और निजी इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने की सुविधा मिलेगी, जिससे दिल्ली में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य दिल्लीवासियों को सुरक्षित, सस्ता और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।

दिल्ली सरकार पिछले कुछ समय से पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। नई बसों के आने से मौजूदा बेड़े में इजाफा होगा और यात्रियों को बेहतर सेवा मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के बढ़ते उपयोग से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार होने की उम्मीद है।

कल का कार्यक्रम दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ने वाला है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार दिल्लीवासियों को आधुनिक और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *