नई दिल्ली: सावन शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के चलते 11 अगस्त को दिल्ली-NCR में ट्रैफिक व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या के कारण दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद की ओर जाने वाले कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। कई जगहों पर डायवर्जन और लेन प्रतिबंध के चलते सामान्य रास्तों के बजाय वैकल्पिक मार्गों पर भी ट्रैफिक बढ़ सकता है।
दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर बढ़ेगी परेशानी
दिल्ली और नोएडा के बीच आने-जाने वालों के लिए DND फ्लाईओवर और कालिंदी कुंज अहम संवेदनशील रास्ते हैं। कालिंदी कुंज पर कांवड़ियों की आवाजाही के साथ स्थानीय ट्रैफिक बढ़ने से जाम की स्थिति बन सकती है। इसका असर सरिता विहार, जसोला और नोएडा के आसपास के सेक्टरों तक देखने को मिल सकता है।
DND फ्लाईओवर पर सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्थिति ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकती है। कार्यालय जाने वाले वाहनों के साथ डायवर्ट किए गए ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से यहां वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।
आश्रम चौक से बदरपुर तक असर
कांवड़ यात्रा के चलते आश्रम चौक, मथुरा रोड और बदरपुर मार्ग के कुछ हिस्सों में भी यातायात प्रभावित होने की संभावना है। इन रास्तों पर ट्रैफिक बढ़ने का असर दक्षिण और मध्य दिल्ली से फरीदाबाद आने-जाने वाले लोगों पर पड़ सकता है। वहीं, दिल्ली-फरीदाबाद के बीच प्रमुख प्रवेश मार्ग बदरपुर बॉर्डर पर भी शिवरात्रि के दिन अतिरिक्त दबाव रहने की संभावना है। श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही बढ़ने से मथुरा रोड से जुड़े मार्गों पर भी जाम लग सकता है।
डायवर्जन से इन रास्तों पर भी बढ़ेगा दबाव
मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू होने की स्थिति में वाहन चालक वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करेंगे। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली सीमा को जोड़ने वाली सड़कों पर भी वाहनों की संख्या बढ़ सकती है।
दिल्ली से नोएडा, नोएडा से गाजियाबाद, गाजियाबाद से दिल्ली और दिल्ली से फरीदाबाद के बीच सफर करने वालों को रूट प्लान करके निकलने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने यात्रियों से क्या कहा?
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 11 अगस्त को अनावश्यक यात्रा से बचें। जरूरी काम से निकलना हो तो पहले अपने रूट की स्थिति की जानकारी लें और संभव हो तो वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करें। पुलिस ने लोगों से व्यस्त समय में संवेदनशील मार्गों से बचने और कांवड़ यात्रा के दौरान किए गए ट्रैफिक बदलावों का पालन करने को कहा है। साथ ही वाहन चालकों से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।