असम: असम में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के 11 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जहां अब तक 41 लोगों की मौत हो चुकी है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, 6.53 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। सेना, वायुसेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और राज्य पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हैं।
सेना और बचाव एजेंसियां राहत कार्य में जुटीं
अधिकारियों के मुताबिक, दूरदराज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों तक खाद्य सामग्री, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। राज्य की कई प्रमुख नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे कई इलाकों में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर भी संचालित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने किया प्रभावित इलाकों का दौरा
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने गुरुवार को गोलाघाट जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इससे पहले उन्होंने जोरहाट और शिवसागर जिलों में भी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी और प्रभावित लोगों से मुलाकात कर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री शर्मा ने प्रशासन को हर जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए सभी संसाधनों का उपयोग करने को कहा। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के लिए अगले चार दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया है और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।