CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- आस्था पर प्रहार करने वाले आज बन रहें हैं सबसे बड़े आस्थावान

Yogi Adityanath, CM UP

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में 995 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 14 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग पहले आस्था, नौजवानों और किसानों के हितों से खिलवाड़ करते थे, वही आज बड़े-बड़े उपदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यों के कारण उत्तर प्रदेश में विकास और सुशासन का नया माहौल बना है।

29 चीनी मिलें बंद कर युवाओं को बेरोजगार किया

मुख्यमंत्री योगी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश की 29 चीनी मिलें बंद कर दी गईं और उन्हें औने-पौने दाम पर बेच दिया गया। इससे हजारों नौजवानों का रोजगार प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि उस दौर में सरकारी नौकरियों में भी पारदर्शिता नहीं थी और युवाओं के साथ भेदभाव किया जाता था। जबकि आज योग्यता के आधार पर बिना किसी सिफारिश के भर्ती हो रही है और गोरखपुर के युवा भी पुलिस, शिक्षक तथा प्रशासनिक सेवाओं में चयनित हो रहे हैं।

राम मंदिर आंदोलन में भी खड़ी की गईं बाधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में त्योहारों के दौरान दंगे और अराजकता का माहौल रहता था। उन्होंने आरोप लगाया कि रामनवमी, जन्माष्टमी, दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों में बाधाएं खड़ी की जाती थीं। योगी ने कहा कि जिन लोगों ने राम जन्मभूमि आंदोलन का विरोध किया, रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और अदालत में मंदिर निर्माण का विरोध किया, वही आज खुद को सबसे बड़ा आस्थावान बताने का प्रयास कर रहे हैं।

कानून-व्यवस्था सुधरने से विकास को मिली रफ्तार

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है, जिससे विकास परियोजनाओं को गति मिली है। उन्होंने कहा कि आज गांव, गरीब, किसान, नौजवान, व्यापारी और महिलाओं तक बिना भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। योगी ने कहा, “जो लोग आस्था, नौजवानों और किसानों के साथ खिलवाड़ करते थे, जिन्होंने व्यापारियों और बेटियों की सुरक्षा को संकट में डाला, आज जब वे इन मुद्दों पर बड़े-बड़े उपदेश देते हैं तो उनके उपदेश हास्यास्पद लगते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *