जोधपुर:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। पीएम ने कहा कि नया टर्मिनल न सिर्फ यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधा देगा, बल्कि इससे पूरे राजस्थान में पर्यटन, व्यापार और निवेश के नए अवसर भी खुलेंगे।
ऊर्जा संकट पर भारत की जीत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रही जंग की वजह से दुनिया भर में ईंधन का संकट पैदा हो गया था। लेकिन भारत ने मजबूत इच्छाशक्ति और सही रणनीति से इस संकट का डटकर मुकाबला किया।
पीएम मोदी ने कहा, “नए भारत ने हर स्तर पर समय रहते सही निर्णय लिए। हमने संकट का सही आकलन किया, संसाधनों का संतुलित उपयोग किया और अपनी कूटनीतिक ताकत का सकारात्मक इस्तेमाल किया। इसी वजह से भारत इस बड़े ऊर्जा संकट से सफलतापूर्वक उबर पाया।”
अफवाहों को किया नाकाम
प्रधानमंत्री ने अफवाह फैलाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब देश संकट से जूझ रहा था, तब कुछ ताकतें डर और भ्रम फैलाने में लगी थीं। “देशवासियों ने एकजुट होकर अफवाहों और अस्थिरता फैलाने की साजिशों को नाकाम किया। उसी भरोसे और विश्वास के साथ आज देश आगे बढ़ रहा है। संकट के समय सरकार, जनता और सिस्टम ने जो धैर्य, मेहनत और समन्वय दिखाया, वह इतिहास में दर्ज हो गया है।”
सरकार ने उठाया 75 हजार करोड़ का बोझ
सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए पीएम ने बताया कि अप्रैल से जून के बीच सिर्फ डीजल और पेट्रोल पर तेल कंपनियों को 75 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ। “बहुत अफवाहें फैलाई गईं, लोगों को डराया गया। लेकिन हमने जनता पर बोझ नहीं आने दिया। सरकार ने इस घाटे की जिम्मेदारी अपने खजाने से उठाई। साथ ही प्रति लीटर 10 रुपये एक्साइज ड्यूटी भी कम की गई”।
40 से ज्यादा देशों से हुआ आयात
पीएम मोदी ने कहा कि इस संकट में दूसरे देशों से भारत की दोस्ती बहुत काम आई। संकट से पहले भारत 25-26 देशों से ईंधन आयात करता था, लेकिन युद्ध के दौरान यह संख्या बढ़कर 40 से ज्यादा हो गई। “भारत ने दुनिया को बता दिया कि हमारे लिए राष्ट्रहित और 140 करोड़ नागरिकों का हित सबसे ऊपर है। हमारा मंत्र है – नागरिक देवो भवः”।