न्यूयॉर्क: जम्मू-कश्मीर और आतंकवाद के मुद्दे पर भारत ने संयुक्त राष्ट्र में एक बार फिर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। भारतीय राजनयिक अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान के झूठे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि PoK भारत का अभिन्न हिस्सा है और पाकिस्तान उसे तुरंत खाली करे।
पाकिस्तान के आरोपों को भारत ने किया खारिज
UN में पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर को लेकर फिर पुराना राग अलापा और भारत पर बदनाम करने का आरोप लगाया। इस पर भारत की ओर से अनुपमा सिंह ने जवाब का अधिकार इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और इस्लामिक सहयोग संगठन OIC अपनी भूमिका का दुरुपयोग कर रहे हैं। भारत पर लगाए गए सभी आरोप दुर्भावनापूर्ण और निराधार हैं।
अनुपमा सिंह ने दो टूक कहा, “जम्मू-कश्मीर भारत का अटूट और अभिन्न हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। एकमात्र अनसुलझा मुद्दा सिर्फ यही है कि पाकिस्तान ने भारत के क्षेत्रों पर अवैध कब्जा कर रखा है और उसे वापस लौटाना है।”
PoJK में दमन और हत्या पर भारत ने घेरा
उन्होंने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर PoJK में हो रहे दमन को भी उजागर किया। कहा कि रावलाकोट में सैकड़ों लोगों की हत्या और वहां की जनता पर क्रूर कार्रवाई जबरन कब्जे का नतीजा है। PoJK में रोटी, बिजली, सम्मान और अधिकार मांगने वालों को गोलियों से दबाया जाता है। दशकों से सैन्य कब्जे, डेमोग्राफी बदलने की कोशिश और बुनियादी आजादी छीनने से हालात बिगड़े हैं।
‘आतंकियों को पालने वाले पीड़ित कैसे’
पाकिस्तान के रक्षामंत्री के बयान पर तंज कसते हुए अनुपमा सिंह ने पूछा, “पाकिस्तान के रक्षामंत्री खुद आतंकवादियों को पनाह देने की बात कबूलते हैं, फिर वे आतंक का शिकार होने का दावा कैसे कर सकते हैं?”
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी घरेलू नाकामियों और आतंकवाद को दिए जा रहे समर्थन को छिपाने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर दुष्प्रचार कर रहा है। लेकिन उसका झूठ अब बेनकाब हो चुका है। OIC के जम्मू-कश्मीर पर दिए बयान को भी भारत ने पूरी तरह खारिज कर दिया।
भारत ने साफ किया कि पाकिस्तान का दुष्प्रचार PoJK की सच्चाई नहीं छिपा सकता। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पाकिस्तान की असलियत समझनी चाहिए।