श्री अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा पर केंद्र सख्त, गृह सचिव लेंगे ग्राउंड रिपोर्ट

जम्मू: श्री अमरनाथ जी यात्रा शुरू होने में अब सिर्फ दो हफ्ते बचे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए कमर कस ली है। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन की अगुवाई में गृह मंत्रालय का एक हाई-पावर्ड डेलीगेशन 20 और 21 जून को जम्मू-कश्मीर पहुंच रहा है। दो दिन के इस दौरे में यात्रा की सुरक्षा और बाकी इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की जाएगी।

कौन-कौन होगा डेलीगेशन में

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इस टीम में CRPF, BSF और SSB के डीजी समेत तमाम बड़े अधिकारी, इंटेलिजेंस ब्यूरो के सीनियर अफसर और गृह मंत्रालय के टॉप अधिकारी शामिल होंगे। यह दल 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलने वाली 57 दिन की यात्रा के ग्राउंड इंतजाम परखेगा। यात्रा श्रावण पूर्णिमा और रक्षा बंधन के दिन संपन्न होगी।

90% फोर्स तैनात, ड्रिल शुरू

सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा बलों की तैनाती लगभग 90% पूरी हो चुकी है। बाकी कंपनियां 20 जून से पहले अपनी लोकेशन पर पहुंच जाएंगी। गृह मंत्रालय ने यात्रा के लिए पैरामिलिट्री की 670 कंपनियों को मंजूरी दी है। ज्यादातर जवानों को कश्मीर घाटी में लगाया गया है ताकि मल्टी-लेयर सिक्योरिटी और मजबूत हो।

फिलहाल श्रीनगर शहर के साथ-साथ पहलगाम और बालटाल, दोनों रूट पर सुरक्षा ड्रिल चल रही है। श्रीनगर में होटल, दुकानों और गेस्ट हाउस में सर्च ऑपरेशन जारी है। हर आने-जाने वाले की जांच हो रही है। सीनियर अधिकारी लगातार बैठकें कर हालात पर नजर रखे हुए हैं।

भारी भीड़ की उम्मीद

इस बार टूरिस्टों की आवक और यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस साल रिकॉर्ड श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन को आएंगे। इसी को देखते हुए जम्मू-कश्मीर का पूरा सुरक्षा तंत्र अलर्ट पर है।

सूत्रों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे को पहले ही नाकाम करने के लिए सुरक्षा ग्रिड को और टाइट किया जा रहा है। केंद्र की कोशिश है कि श्री अमरनाथ जी यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *