नई दिल्ली: भारत को रक्षा क्षेत्र में नई ताकत मिली है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने मल्टी-लेयर्ड बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम का सफल परीक्षण किया है। यह सिस्टम 5000 किलोमीटर से अधिक दूरी से आने वाली अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों यानी ICBM को वायुमंडल के अंदर और बाहर दोनों जगह नष्ट कर सकता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई
रक्षा मंत्रालय के अनुसार 10 और 11 जून को लगातार तीन परीक्षण किए गए। इनमें इंटरसेप्टर मिसाइलों ने अपने सभी लक्ष्यों को सटीकता से भेदा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने DRDO को लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों और मध्यम दूरी की एंटी-शिप क्षमता के खिलाफ यह सफलता दिखाने पर बधाई दी।
ICBM रोकने वाले चुनिंदा देशों में शामिल हुआ भारत
इस नई ताकत के साथ भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है जिनके पास ICBM को रोकने की क्षमता है। मल्टी-लेयर्ड BMD सिस्टम दुश्मन की लंबी और मध्यम दूरी की मिसाइलों, परमाणु हथियार ले जाने वाली मिसाइलों, अवाक्स और फाइटर जेट को बीच रास्ते में ही रोक सकता है।
BMD कार्यक्रम के तहत दो तरह की क्षमता विकसित की गई है। एंडो-एटमॉस्फेरिक सिस्टम 100 किमी से कम ऊंचाई पर काम करता है। एक्सो-एटमॉस्फेरिक सिस्टम वायुमंडल के सबसे ऊपरी क्षेत्र में मिसाइलों को नष्ट करता है। DRDO ने कहा कि ये सिस्टम उभरते मिसाइल खतरों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक से बनाए गए हैं।
कैसे काम करती हैं CBM और क्यों है जरूरी
ICBM बेहद तेज गति से आती हैं और परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम होती हैं। लॉन्च होने के बाद ये अंतरिक्ष में जाती हैं और फिर धरती की ओर लौटकर टारगेट को हिट करती हैं। इनकी स्पीड के कारण इन्हें रोकना मुश्किल होता है।
इसी दौरान मध्यम दूरी की नौसैन्य पोत-रोधी मिसाइल (NASAM-MR) का भी पहला सफल परीक्षण किया गया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ये परीक्षण देश की रक्षा क्षमताओं को और मजबूत करेंगे।