मालवीय नगर अग्निकांड: CM रेखा गुप्ता का सख्त एक्शन, अवैध होटल-गेस्ट हाउस पर चलेगा सीलिंग अभियान

नई दिल्ली: मालवीय नगर के एक गेस्ट हाउस में लगी भीषण आग में कई लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कड़ा रुख अपनाया है। CM ने साफ किया है कि दिल्ली में बिना अनुमति चल रहे सभी अवैध होटल, गेस्ट हाउस और अग्नि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाली संपत्तियों पर विशेष अभियान चलाकर सीलिंग की जाएगी।

X पर CM ने जताई सख्ती

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस हादसे के पीछे की सभी कमियों और लापरवाहियों की गंभीरता से जांच की जाएगी। जिम्मेदार लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना के लिए जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे जवाबदेह ठहराया जाएगा।

मजिस्ट्रियल जांच और FIR दर्ज

हादसे के तुरंत बाद मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही गेस्ट हाउस के मालिक के खिलाफ FIR भी दर्ज कर ली गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राजधानी में अवैध संपत्तियों, बिना लाइसेंस संचालित गेस्ट हाउसों और फायर सेफ्टी व भवन उप-नियमों को तोड़ने वाले प्रतिष्ठानों की पहचान कर उन पर कार्रवाई होगी। नियम तोड़ने वाली सभी संपत्तियों को सील किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई होगी।

MCD चलाएगा विशेष अभियान

दिल्ली नगर निगम भी दक्षिण दिल्ली में अवैध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ जल्द अभियान शुरू करेगा। MCD भवन उपविधियों और लाइसेंस संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों को सील करेगा। यह कदम मालवीय नगर के ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ होटल में हुई घटना के बाद उठाया जा रहा है। इस हादसे ने क्षमता से अधिक संचालन और स्वीकृत नक्शे के बिना बड़े पैमाने पर नियमों के उल्लंघन को उजागर किया है।

बिना नक्शे के चल रही थी इमारत

MCD के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि जिस इमारत में आग लगी, उसका भवन नक्शा कभी स्वीकृत ही नहीं हुआ था। इस इमारत पर पहले कभी किसी उल्लंघन का मामला दर्ज नहीं किया गया था। अधिकारियों ने भूतल पर संचालित रेस्तरां में भी अनियमितताएं पाई हैं। B&B योजना के तहत व्यावसायिक रसोईघर या पूर्ण रूप से संचालित रेस्तरां की अनुमति नहीं होती। इसमें केवल सीमित आतिथ्य सेवाओं की इजाजत दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *