Haryana News : हरियाणा सरकार ने शनिवार को NIT जोन, फरीदाबाद में होने वाले डेमोलिशन ड्राइव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक किलोमीटर दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, बल्क SMS और डॉंगलों की सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
गृह विभाग की अतिरिक्त सचिव डॉ. वंदना दिसोदिया द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि डेमोलिशन ड्राइव के दौरान तनाव, आंदोलन, अफवाहों और संपत्ति क्षति की आशंका है।आदेश के अनुसार, 30 मई को सुबह 00:30 बजे से रात 10:00 बजे तक Latitude 28.39448 और Longitude 77.28622 वाले क्षेत्र में 2G/3G/4G/5G इंटरनेट, बल्क SMS (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) तथा अन्य डॉंगले सेवाएं बंद रहेंगी। वॉयस कॉल्स सामान्य रहेंगी।
ये सेवाएं रहेंगी जारी
इस दौरान व्यक्तिगत SMS, बैंकिंग अलर्ट, मोबाइल रिचार्ज, घरेलू और कॉर्पोरेट ब्रॉडबैंड/लीज लाइन इंटरनेट सेवाओं को प्रतिबंध से बाहर रखा गया है, ताकि आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो।
सोशलमीडिया भी बैन
सरकार ने ADGP/CID हरियाणा और फरीदाबाद के डिप्टी कमिश्नर की रिपोर्ट के आधार पर यह कदम उठाया है। आदेश में सोशल मीडिया (व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर आदि) के जरिए भड़काऊ सामग्री और फर्जी खबरों के प्रसार को रोकने पर जोर दिया गया है, जो भीड़ जुटाने और हिंसक गतिविधियों का कारण बन सकती है।
यह प्रतिबंध केवल एक किलोमीटर के दायरे तक सीमित है और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए लिया गया है। उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।