कुरुक्षेत्र को 28 किमी लंबे बाईपास की सौगात, सीएम सैनी ने PM मोदी और गडकरी का जताया आभार

Nayab Singh Saini

कुरुक्षेत्र : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र को मिली 28 किलोमीटर लंबी बाईपास परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बाईपास केवल एक परियोजना नहीं बल्कि ट्रिपल इंजन सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

कहां से कहां तक बनेगा बाईपास

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह बाईपास ज्योतिसर के पास इंदबरी से शुरू होगा और SH-6, MDR-119, किर्मच रोड, अमीन रोड व NH-44 को जोड़ता हुआ मथाना (SH-6) पर जाकर समाप्त होगा। करीब 28 किमी लंबी इस परियोजना से कुरुक्षेत्र शहर को बड़ी राहत मिलेगी।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी स्थायी राहत

सीएम सैनी ने कहा कि इस बाईपास के बनने से कुरुक्षेत्र के पिपली से गुजरने वाले ट्रैफिक का दबाव कम होगा। शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी और लोगों का सफर आसान होगा।

दिल्ली-हरिद्वार रूट होगा आसान

नए बाईपास से दिल्ली, यमुनानगर, हरिद्वार समेत पंजाब और कैथल की ओर जाने वाला यातायात और सुगम हो जाएगा। इससे अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रह्मसरोवर, ज्योतिसर जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से कुरुक्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

सीएम सैनी ने दोहराया कि डबल इंजन के साथ अब ट्रिपल इंजन वाली सरकार हरियाणा के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *