मऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को माँ शीतला देवी की पावन धरा मऊ में ₹392 करोड़ से अधिक लागत की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र और चेक भी वितरित किए।
‘डबल इंजन सरकार बिना रुके कर रही विकास‘
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM योगी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देशवासियों ने बदलते हुए भारत को देखा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना रुके, बिना डिगे और बिना थके सतत विकास के कार्य कर रही है।
मऊ के विकास को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मऊ जनपद के सर्वांगीण विकास को और गति देने के लिए आज ये परियोजनाएं समर्पित की गई हैं। इनमें सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। लोकार्पण की गई परियोजनाओं से जिले की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को मूलभूत सुविधाएं आसानी से मिलेंगी।
लाभार्थियों को बांटे प्रमाण-पत्र और चेक
CM योगी ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक बिना भेदभाव पहुंच रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिलान्यास की गई परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि जनता को जल्द लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और लाभार्थी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी जनपदवासियों और लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार मऊ के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं से रोजगार के नए अवसर बनेंगे और जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी