PM मोदी ने हुगली नदी में किया नौका विहार, बंगाल विकास का संकल्प दोहराया

कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार सुबह कोलकाता में हुगली नदी में नौका विहार किया और पश्चिम बंगाल के विकास तथा राज्य के लोगों की समृद्धि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध हावड़ा ब्रिज और विद्यासागर सेतु के नज़ारे देखे और उन्हें कैमरे में कैद किया।

नदी केवल एक जलधारा नहीं बल्कि है सांस्कृतिक धरोहर

हुगली नदी में नाव की सवारी के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह नदी केवल एक जलधारा नहीं बल्कि एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है, जो बंगाल की सभ्यता से गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि इस दौरान उन्हें नदी के सौंदर्य को करीब से देखने का अवसर मिला।

स्थानीय नाविकों से मुलाकात

नौका विहार के दौरान प्रधानमंत्री ने स्थानीय नाविकों से बातचीत की। नाविक गौरंग बिस्वास ने बताया कि उन्हें अचानक इस सवारी के लिए बुलाया गया था और प्रधानमंत्री ने उनसे सामान्य बातचीत की। उन्होंने यह भी कहा कि पूरी यात्रा लगभग एक घंटे से कम समय की रही।

पश्चिम बंगाल भाजपा सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने यह नौका विहार कोलकाता के प्रिंसिप घाट से किया। इससे पहले उन्होंने हावड़ा से कोलकाता तक रोड शो किया था और रात लोक भवन में बिताई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के विकास और जनता की समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने राज्य के लोगों के साथ अपने जुड़ाव को मजबूत करने और विकास को प्राथमिकता देने की बात दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *