भारत ने अमेरिका-ईरान सीजफायर का किया स्वागत, फारस की खाड़ी में फंसे 433 नाविक जल्द लौटेंगे

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष-विराम (सीजफायर) की घोषणा पर भारत सरकार ने स्वागत किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डेडलाइन से डेढ़ घंटे पहले ही सीजफायर का ऐलान किया था, और ईरान ने अपनी 10 सूत्री शर्तों को मानने के बाद दो हफ्तों के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में सुरक्षित मार्ग देने पर सहमति जताई है।

भारत की प्रतिक्रिया

विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा “हम इस संघर्ष-विराम का स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी। मंत्रालय ने जोर दिया कि तनाव कम करना, बातचीत और कूटनीति इस संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए आवश्यक हैं। बयान में कहा गया कि यह संघर्ष पहले ही लोगों को भारी कष्ट पहुंचा चुका है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति तथा व्यापार नेटवर्क में बाधा डाली है। भारत ने उम्मीद जताई कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते नौवहन की अबाध स्वतंत्रता और वैश्विक वाणिज्य का प्रवाह बना रहेगा।

फारस की खाड़ी में फंसे भारतीय नाविक

सीजफायर की घोषणा के बाद होर्मुज का मार्ग फिर से खुल रहा है। भारत सरकार की जानकारी के अनुसार, फारस की खाड़ी में 16 भारतीय जहाज लंगर डाले हुए थे, जिन पर 433 भारतीय नाविक फंसे हुए थे। अब ये जहाज अपने गंतव्य की ओर रवाना होने की तैयारी कर रहे हैं। इन जहाजों को भारत पहुंचने में 3 दिन से लेकर 1 सप्ताह तक का समय लग सकता है।

ट्रंप का ऐलान

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा कि ईरान के साथ सभी विवादित मुद्दों पर सहमति बन गई है और 2 हफ्ते के अंदर समझौते को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट खोल देगा। ट्रंप ने यह भरोसा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने पहले ही सभी सैन्य उद्देश्यों को प्राप्त कर लिया है और उनके पास ईरान की तरफ से 10 सूत्रीय प्रस्ताव भी है, जो बातचीत के लिए व्यवहारिक आधार प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *