Bihar News: नालंदा में बिहारशरीफ से लगभग 5 किलोमीटर दूर मघड़ा (मगहरा) गांव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर (शीतलाष्टमी मंदिर) में चैत्र मास के आखिरी मंगलवार को माता के दर्शन और मेले के दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अचानक मची भगदड़ में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक घायल हो गए। सभी 8 मृतक महिलाएं बताई जा रही हैं।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई। बैरिकेडिंग टूटने और लोगों के एक-दूसरे पर गिर पड़ने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई श्रद्धालु भीड़ में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का एलान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग से ₹4-4 लाख और मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹2-2 लाख (कुल ₹6 -6लाख) अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया। साथ ही घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी शोक संवेदना जताते हुए परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
प्रशासन ने मंदिर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में हुई किसी भी कमी की जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी न दोहराई जाए।