(सोनीपत): हरियाणा के गोहाना में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। नई सब्जी मंडी में हुए इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 113 करोड़ रुपये की 16 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि गोहाना की धरती पर आना उनके लिए गर्व की बात है और सरकार क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए लगातार प्रयासरत है।
97 घोषणाओं में से 87 हो चुकी हैं पूरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले की गई 97 घोषणाओं में से 87 पूरी हो चुकी हैं, जबकि बाकी पर तेजी से काम जारी है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में गोहाना हल्के में 1794 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। साथ ही सरकार युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची के रोजगार देने की नीति पर काम कर रही है।
नई विकास योजनाओं का किया ऐलान
सीएम सैनी ने रैली में कई नई योजनाओं की घोषणा की गई। सोनीपत चुंगी से पानीपत चुंगी तक भगवान परशुराम विरासत पार्क में जॉगिंग ट्रैक बनाया जाएगा। गोहाना में भूमि उपलब्ध होने पर मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण किया जाएगा और नगर परिषद की म्युनिसिपल लिमिट बढ़ाई जाएगी। सोनीपत रोड पर शिव धाम, महम रोड पावर हाउस में 33 केवी सब स्टेशन और खानपुर कलां में इसकी क्षमता बढ़ाने की भी योजना है। इसके अलावा टूरिज्म रिजॉर्ट और एचएसवीपी द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाएगा।
स्वास्थ्य और शिक्षा पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोहाना में सिंचाई भवन, शक्ति भवन और रेस्ट हाउस का पुनर्निर्माण किया जाएगा। भगत फूल सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज में कार्डियो कैथ लैब स्थापित की जाएगी। गांवों के सरकारी स्कूलों के विकास के लिए एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। खानपुर कलां में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत की जाएगी और सीवरेज लाइन का विस्तार होगा।
सड़कों और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा
सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए भी करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे। हरियाणा राज्य मार्केटिंग बोर्ड और पीडब्ल्यूडी की कई सड़कों पर काम किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में यातायात और कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इस अलावा मुख्यमंत्री ने गोहाना क्षेत्र के गांवों के विकास के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा सके।
इन परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान गांव मोई माजरी में विद्यालय भवन, बड़वासनी और तिहाड़ मलिक में 33 केवी सब स्टेशन और नगर परिषद में संत गुरु कबीर दास गेट का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा भालौठ सब ब्रांच की रिमॉडलिंग, सड़कों के निर्माण और विभिन्न गांवों में स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अरविंद शर्मा ने की और बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। यह रैली गोहाना क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।