मन की बात’ में पीएम मोदी की अपील, देशवासी एकजुट रहें, युद्ध से लेकर युवाओं तक कई मुद्दों पर की बात

In ‘Mann Ki Baat PM Modi :(नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 132वें एपिसोड के जरिए देशवासियों से संवाद किया। उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध, अफवाहों से सतर्क रहने, युवाओं की भागीदारी, खेल उपलब्धियां, फिटनेस, जल संरक्षण और सौर ऊर्जा पर विस्तृत चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने मार्च माह को वैश्विक हलचल भरा बताया। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया कोविड-19 महामारी से बाहर निकल रही थी, लेकिन अलग-अलग हिस्सों में युद्ध और संघर्ष की परिस्थितियां बनी रही। उन्होंने पश्चिम एशिया में पिछले एक महीने से जारी भीषण युद्ध का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस संघर्ष से खाड़ी देशों में रहने वाले लाखों भारतीय प्रभावित हैं।

अफवाहों में न फंसे देशवासी सरकार पर करें भरोसा

पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की कि वे अफवाहों में न फंसे और केवल सरकार द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। उन्होंने कहा कि युद्ध का प्रभाव न केवल ऊर्जा आवश्यकताओं पर पड़ रहा है, बल्कि वैश्विक पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पर भी असर है। भारत अपनी आर्थिक और सामरिक शक्ति के कारण इस चुनौती का सामना कर रहा है।

विदेशों में भारतीयों की सुरक्षा संभव उठा रही है कदम

प्रधानमंत्री ने कहा कि खाड़ी देशों में एक करोड़ से अधिक भारतीय रहते और काम करते हैं। उन्होंने इन देशों के सहयोग और मदद की सराहना की। पीएम मोदी ने यह भी बताया कि विदेश मंत्रालय लगातार उन लोगों की मदद में लगा हुआ है और सरकार उनके सुरक्षित रहने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।

पांडुलिपियों का संरक्षण और ‘ज्ञान भारतम’ पहल

पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की कि वे अपने पास मौजूद पांडुलिपियों की फोटो और जानकारी ‘ज्ञान भारतम’ ऐप पर साझा करें। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश और अमृतसर के नागरिकों द्वारा साझा की गई पांडुलिपियों का उदाहरण दिया। उनका कहना था कि यह कदम भारत की सांस्कृतिक और भाषाई विरासत को संरक्षित करने में मदद करेगा।

भारत को बताया दुनिया का सबसे युवा देश

प्रधानमंत्री ने भारत को दुनिया का सबसे युवा देश बताया और युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में अहम बताया। उन्होंने ‘माई भारत’ संगठन का उल्लेख किया, जो युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ता है। पीएम मोदी ने उन युवाओं की सराहना की जिन्होंने निबंध, सुझाव और विचार साझा किए। उनका कहना था कि युवा देश के विकास में सक्रिय और तत्पर हैं।

खेलों में उपलब्धियां और उत्साह

प्रधानमंत्री ने T20 विश्व कप में भारत की जीत का जिक्र किया और रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर टीम की ऐतिहासिक सफलता को साझा किया। युवा गेंदबाज आकिब नबी और अन्य खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। पीएम मोदी ने कहा कि इससे युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ा है और फुटबॉल जैसे खेलों को भी प्रोत्साहन मिला है।

फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली पर ध्यान देने की दी सलाह

पीएम मोदी ने लोगों को फिटनेस और स्वास्थ्य पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने योग, संतुलित आहार, तेल की मात्रा घटाने और नियमित व्यायाम करने पर जोर दिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के महत्व को भी बताया और लोगों को जीवनशैली सुधारने के लिए प्रेरित किया।

जल संरक्षण और पर्यावरणीय प्रयास

प्रधानमंत्री ने गर्मियों से पहले जल संकट की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने तालाबों की सफाई, वर्षा जल संचय और ‘अमृत सरोवर’ अभियान के तहत 70,000 तालाबों के निर्माण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से जल संरक्षण और वृक्षारोपण जैसी गतिविधियां और प्रभावशाली बनती हैं। उन्होंने वाराणसी और नागालैंड के चिजामी गांव के उदाहरण दिए, जहां बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण किया गया।

सौर ऊर्जा और ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’

पीएम मोदी ने बताया कि देश के दूर-दराज इलाकों में भी अब सौर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ा है। ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत कई परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है, जिससे बच्चों की पढ़ाई, छोटे व्यवसाय और खेतों में काम आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह योजना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है।

छोटे कदम, बड़े बदलाव की ओर

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि जब लोग छोटे प्रयास करते हैं, तो बड़े बदलाव की नींव बनती है। उन्होंने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, वाराणसी के 2 लाख 51 हजार पौधों के रोपण और नागालैंड के चिजामी गांव के पर्यावरण अभियान का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश के दूर-दराज हिस्सों को जोड़ने और प्रेरित करने का माध्यम बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *