मथुरा: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को वृंदावन स्थित राधा केली कुंज आश्रम में संत संत प्रेमानंद से मुलाकात की और उनसे आध्यात्मिक चर्चा की। राष्ट्रपति का यह दौरा तीन दिवसीय है और इसका उद्देश्य धार्मिक स्थलों का भ्रमण, स्थानीय लोगों से संवाद और आध्यात्मिक आयोजनों में भाग लेना है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के सुने प्रवचन
राष्ट्रपति मुर्मू ने आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचन सुने। बृहस्पतिवार को महाराज का जन्मदिन था, और इस अवसर पर राष्ट्रपति ने उन्हें हाथ जोड़कर प्रणाम किया और शुभकामनाएं दी। संत प्रेमानंद ने प्रसन्न मुद्रा में “राधे-राधे” कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। आश्रम के सेवादारों ने माला पहनाकर और चुनरी ओढ़ाकर उनका स्वागत किया।
बाबा नीम करोली आश्रम में की पूजा-अर्चना
राष्ट्रपति ने बाबा नीम करोली आश्रम में भगवान हनुमान मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने सवा मन (लगभग 50 किलोग्राम) लड्डू प्रसाद अर्पित किया। इस अवसर पर 20 भक्तों ने सुंदरकांड पाठ किया। मुर्मू ने बाबा नीम करोली जी महाराज की समाधि पर पूजा-अर्चना और आरती की और उनकी कुटिया में एकांत में ध्यान भी किया। उन्होंने आश्रम परिसर में बाबा नीम करोली जी के जीवन पर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। राष्ट्रपति का कार्यक्रम 21 मार्च को गोवर्धन स्थित दानघाटी मंदिर में दर्शन और आरती तथा गोवर्धन परिक्रमा के साथ जारी रहेगा।