तिरुचिरापल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राज्य के लोग ऐसी सरकार चाहते हैं जो हर परिवार के लिए काम करे, न कि केवल एक परिवार के लिए। प्रधानमंत्री तिरुचिरापल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता जानती है कि राजग तमिलनाडु में बदलाव लाने की क्षमता रखता है। यह 23 जनवरी के बाद से राज्य में राजग की तीसरी रैली थी।
पीएम मोदी ने कहा कि द्रमुक के शासन में सभी फैसले एक ही परिवार के इर्द-गिर्द घूमते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2021 में तमिलनाडु की जनता ने द्रमुक को सत्ता सौंपी थी, लेकिन पार्टी ने इसे जिम्मेदारी के रूप में लेने के बजाय जनादेश के साथ विश्वासघात किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार का पूरा तंत्र एक परिवार के इर्द-गिर्द केंद्रित हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस प्रकार सभी नदियां समुद्र में जाकर मिलती हैं, उसी तरह तमिलनाडु में भ्रष्टाचार का पैसा भी एक ही परिवार के पास पहुंच जाता है।
वैज्ञानिक भ्रष्टाचार मॉडल’ का आरोप
प्रधानमंत्री ने द्रमुक पर “वैज्ञानिक भ्रष्टाचार मॉडल” अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति से राज्य का विकास प्रभावित होता है और जनता की उम्मीदों पर भी असर पड़ता है।
पीएम मोदी ने दावा किया कि राजग की नीतियां विकास, पारदर्शिता और जनहित पर आधारित हैं और यही कारण है कि लोग राज्य में बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोग ऐसी सरकार चाहते हैं जो सभी परिवारों के कल्याण के लिए काम करे और राज्य को विकास की नई दिशा दे।