मथुरा से जयपुर तक रंगों में सराबोर रहा देश, रंगों और उमंग के साथ मनाई गई होली

नई दिल्ली: रंगों का पर्व होली बुधवार को पूरे देश में पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर, मिठाइयां बांटकर और संगीत-नृत्य के बीच बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस त्योहार की खुशियां साझा कीं। मथुरा-वृंदावन की धार्मिक परंपराओं से लेकर राजस्थान की ‘धुलंडी’ और दिल्ली में आयोजित होली मिलन समारोहों तक, शहरों और गांवों में उत्सव का माहौल देखने को मिला।

पीएम मोदी ने देशवासियों को होली की दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर देता है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि रंग और उमंग से भरा यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता लेकर आए।

मथुरा में परंपराओं के साथ उत्सव

उत्तर प्रदेश के मथुरा में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने विशेष उत्साह के साथ होली मनाई। बांके बिहारी मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में भक्तों ने रंग खेला, हालांकि गर्भगृह के भीतर रंग खेलने की अनुमति नहीं थी। जिले के बछगांव में करीब 150 साल पुरानी ‘चप्पल होली’ की परंपरा भी निभाई गई, जिसमें परिवार के बुजुर्ग प्रतीकात्मक रूप से छोटों को चप्पलों से मारते हैं। यह परंपरा ब्रिटिश शासन के विरोध के प्रतीक के रूप में शुरू हुई थी।

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में भी ‘लाट साहब’ का जुलूस निकाला गया। इस परंपरा में एक व्यक्ति को औपनिवेशिक काल के अधिकारी के रूप में बैलगाड़ी पर बैठाकर शहर में घुमाया जाता है और लोग प्रतीकात्मक रूप से उस पर जूते बरसाते हैं।

सीमा पर जवानों के साथ होली

जम्मू में भी होली धूमधाम से मनाई गई। भारत-पाकिस्तान सीमा और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तैनात सेना और बीएसएफ के जवानों ने सीमावर्ती गांवों के लोगों और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ उत्सव मनाया। जम्मू शहर में भी विभिन्न समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया।

राजस्थान और अन्य राज्यों में भी उत्साह

राजस्थान में ‘धुलंडी’ पूरे उत्साह के साथ मनाई गई। जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने देश-विदेश से आए पर्यटकों और पूर्व राजपरिवारों के सदस्यों के साथ रंग खेला। अजमेर के पुष्कर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव में बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटकों ने भाग लिया।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी लोगों ने पारंपरिक उत्साह के साथ एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली मनाई। पंजाब के आनंदपुर साहिब में सिख समुदाय के ‘होला मोहल्ला’ उत्सव के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पश्चिम बंगाल में ‘डोलजात्रा’ के बाद भी उत्सव का माहौल बना रहा। कोलकाता के बड़ाबाजार, चितपुर और भवानीपुर जैसे इलाकों में लोगों ने रंगों के साथ उत्सव मनाया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।

तेलंगाना, ओडिशा और झारखंड में भी लोगों ने गीत-संगीत और गुलाल के साथ होली का त्योहार मनाया। हैदराबाद में रिहायशी सोसाइटियों में बच्चों और युवाओं ने जमकर होली खेली, जबकि ओडिशा के पुरी में विदेशी पर्यटकों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *