लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से चीनी मांझे से पूरी तरह दूर रहने और मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सफलता राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

चीनी मांझा कानूनन अपराध
मुख्यमंत्री ने बच्चों के नाम लिखे पत्र में कहा कि पतंग उड़ाते समय चाइनीज (चीनी) मांझे का उपयोग बेहद खतरनाक है। तेज धार वाला यह मांझा कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है और पूरे प्रदेश में इसके उपयोग, बिक्री और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध है। इससे होने वाली जनहानि को देखते हुए सरकार ने इसके खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है।
बच्चों से अभियान में सहयोग की अपील
योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से अपील की कि वे न तो स्वयं चीनी मांझे का उपयोग करें और न ही दूसरों को करने दें। उन्होंने कहा कि बच्चे अपने दोस्तों को भी इसके खतरों के प्रति जागरूक करें और अभियान में सहयोग दें।
मोबाइल बच्चों का चुरा रहा है कीमती समय
मुख्यमंत्री ने मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि मोबाइल पर घंटों गेम खेलना और रील देखना आंखों को कमजोर करता है, एकाग्रता भंग करता है और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
किताबों से दोस्ती करने की सलाह
उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि मोबाइल की जगह किताबों से दोस्ती करें, परिवार के साथ समय बिताएं, खेलकूद में भाग लें और पढ़ाई पर अधिक ध्यान दें।
परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं
आने वाली परीक्षाओं के लिए बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश करें, प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ें, अनुशासन बनाए रखें और नकारात्मक विचारों से दूर रहें।