College Foundation Day: चंडीगढ़ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरू गोबिंद सिंह कॉलेज के 61वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज और सिख एजुकेशन सोसाइटी का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान सीएम सैनी ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाते बल्कि जीवन का मार्ग दिखाने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने कॉलेज मैनेजमेंट को अपने निजी कोष से 11 लाख रुपए देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने सैनी कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज की स्थापना वर्ष 1966 में पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री सरदार प्रताप सिंह कैरों द्वारा की गई थी। उन्होंने इसे केवल शिक्षा और ज्ञान का केंद्र नहीं बल्कि चरित्र निर्माण का केंद्र बताया। उन्होंने कहा इस संस्थान से निकले छात्रों ने देश और विदेश में कॉलेज का नाम रोशन किया है।”
सांस्कृतिक और धार्मिक योगदान
सैनी ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश में गुरुओं के पवित्र पर्वों को धूमधाम से मनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि श्री पटना साहिब के लिए रेल यात्रा की शुरुआत की गई है और बाबा फतेह सिंह जी के नाम से असंध में एक कॉलेज की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि नवंबर में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को बड़े धूमधाम से मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके नाम से डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया।
शिक्षा और युवा विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर युवा को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्य और रोजगार के समान अवसर मिले, यह उनकी सरकार का प्रयास है। उन्होंने कहा विश्वविद्यालयों में शोध को बढ़ावा देने के लिए बजट में 20 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में 8 जनवरी को नींव पोर्टल की शुरुआत की गई और बेटियों के लिए 31 कन्या महाविद्यालय खोले गए। इसके अलावा, 12 नई यूनिवर्सिटी की स्थापना का भी काम किया गया है।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित छात्रों और अधिकारियों से कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं बल्कि नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी का पालन करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रेरित होकर समाज और राष्ट्र की सेवा करने की अपील की।