राष्ट्रपति मुर्मू ने 77वें गणतंत्र दिवस पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज, EU की अध्यक्ष बनी चीफ गेस्ट

Republic Day 2026: (नई दिल्ली): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित मुख्य समारोह में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन सहित उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनकी उपस्थिति भारत और यूरोपीय संघ के बीच मजबूत होते कूटनीतिक संबंधों को रेखांकित करती है।

समृद्ध संस्कृति और सैन्य शक्ति का प्रदर्शन शुरू

राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के साथ ही भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता, राष्ट्रीय एकता, विकास और सैन्य शक्ति के प्रदर्शन की औपचारिक शुरुआत हुई। कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह देश की गौरवशाली परंपराओं और सामरिक क्षमता को दर्शाता है।

‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष थीम

कर्तव्य पथ पर आयोजित इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह की थीम ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष रखी गई है। समारोह की शुरुआत से पहले राष्ट्रपति मुर्मू पारंपरिक बग्गी में बैठकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं।

सांस्कृतिक परेड और विविधता में एकता

समारोह के दौरान करीब 100 सांस्कृतिक कलाकारों की परेड निकाली गई, जिसका विषय ‘विविधता में एकता’ रहा। कलाकारों ने भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और सामाजिक समरसता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय समर स्मारक जाकर शहीदों को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी समारोह में उपस्थित रहे। इसके साथ ही देशभर में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की औपचारिक शुरुआत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *